BJP : राजस्थान में भजनलाल सरकार ने राज्य के एक लाख लोगों को प्लॉट देने और शहरों में 24 घंटे बिजली देने का वादा किया है। निकाय चुनावों के लिए बीजेपी ने बुधवार को संकल्प पत्र जारी किया है। बीजेपी मुख्यालय पर प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, सीएम भजनलाल शर्मा और वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में संकल्प पत्र का विमोचन किया। बीजेपी ने वादा किया कि प्रत्येक निकाय में वार्ड ही विकास का आधार हो, इसे ध्यान में रखते हुए शहर के चहुंमुखी विकास किया जाएगा।
घोषणा पत्र नहीं संकल्प पत्र काम करने का
सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा- हमने आज नगरीय विकास संकल्प पत्र जारी किया है, क्योंकि घोषणा पत्र तो घोषणा करने का होता है, संकल्प पत्र काम करने का होता है। शहरों में विकास कैसे हो, इसे लेकर हम 5 साल का संकल्प पत्र राजस्थान की जनता के बीच में लेकर आए हैं। सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा- जब मैंने विधानसभा में कहा था कि हम वन स्टेट वन इलेक्शन कराएंगे, तब कांग्रेस के एक बड़े नेता ने कहा था कि आपके काका जी भी नहीं करा सकते हैं। वह खुद ही देख लें कि वन स्टेट वन इलेक्शन कौन से काका जी करवा रहे हैं।
हम जो कहते हैं, वह करते हैं
इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा- सीएम भजनलाल शर्मा की गारंटी पर जनता विश्वास करती है। आज हमने शहरी निकायों का घोषणा पत्र जारी किया है। हम जो कहते हैं, वह करते हैं। हम इस घोषणा पत्र को पूरा करने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। पहले किसने क्या कहा और क्या किया और हमने क्या कहा और क्या किया। वह सब जनता जानती है और समझती भी हैं। आप सब जानते हैं कि पिछली सरकारों ने 5 साल में जो काम किया। उससे ज्यादा काम हमारे मुख्यमंत्री ने 2 साल में करके दिखा दिए। यह सब जनता ने देखा है और जनता ने इसे समझती भी है।
13 सदस्यों ने एक महीने में तैयार किया घोषणा पत्र
बीजेपी ने 2 अगस्त को चुनाव घोषणा पत्र समिति का गठन किया था। इस समिति में राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी, पूर्व सांसद संतोष अहलावत, राजेंद्र कुमार गहलोत, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, पूर्व विधायक मोहनलाल गुप्ता, पूर्व महापौर सौम्या गुर्जर सहित 13 सदस्यों को शामिल किया गया था। इस समिति ने 30 दिन में संकल्प पत्र तैयार किया है।
यह भी पढ़ें –जयपुर के रामपुरा गांव में स्कूल के जर्जर भवन को तोड़ा, नवनिर्माण का काम होगा शुरु
यह भी देखें – जयपुर निकाय चुनाव 2026 वार्ड 47 में जनता नाराज! सीवर-सड़क की समस्या से परेशान लोग



