Jaipur Mosque Wall Collapsed: जयपुर के भट्ठा बस्ती इलाके में शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान अचानक दीवार गिर गई. जिससे कई लोग दीवार के नीचे दब गए. कड़ी मशक्कत के बाद उन लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया. अब मस्जिद की दीवार गिरने के कई कारण सामने आ रहे हैं. बताया जा रहा है कि मस्जिद का निर्माण साल 1983 में हुआ था. इसे बने हुए करीब 43 साल हो चुके है. नमाज के समय दीवार की तरफ ज्यादा लोग पहुंचे थे जिसकी वजह से लोड बढ़ गया.
हादसे के समय अचानक अफरा-तफरी मची
मस्जिद में एक साथ करीब एक हजार लोगों के नमाज पढ़ने की क्षमता है लेकिन जुमे की नमाज होने की वजह से करीब 5 हजार नमाजी पहुंचे थे. दोपहर 2 बजकर 20 मिनट पर जब नमाज पूरी हुई तब बड़ी संख्या में लोग पहली मंजिल की बालकनी में आ गए और दीवार का सहारा लेने लगे. सिंगल ईंट से बनी दीवार वजन सहन नहीं कर पाई और भरभरा कर गिर गई. गनीगत यह रही कि बालकनी में मौजूद लोग एक-दूसरे का सहारा लिए हुए थे, जिसकी वजह से कोई नीचे नहीं गिरा. हादसे के समय अचानक अफरा-तफरी मच गई.
यह भी पढ़ें: राजस्थान में भूकंप के झटकों से लोगों की उड़ी नींद, घरों से बाहर भागे, सुनाई दी अजीब आवाजें
मामले की जांच के लिए कमेटी गठित
घायलों को तुरन्त कांवटिया और एसएमएस अस्पताल ले जाया गया. हादसे की जांच के लिए कलेक्टर जितेंद्र सोनी ने एडीएम साउथ युगांतर शर्मा की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है. एडिशनल डीसीपी साउथ बजरंग सिंह शेखावत और हवामहल आमेर जोन उपायुक्त सीमा चौधरी कमेटी के सदस्यों में शामिल है. कमेटी पूरी मामले की जांच कर रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपेगी.
SMS में भर्ती हैं 11 घायल
मस्जिद हादसे में 25 लोग घायल हुए हैं. जिसमें से 11 लोगों को एसएमएस में भर्ती कराया है. तीन मरीजों को आईसीयू और 8 मरीजों को कैजुअल्टी वार्ड में रखा गया है. घायलों में एक महिला सहित 10 पुरुष शामिल है.



