Drugs: जयपुर में एक पब्लिक टॉयलेट में एक युवक नशा करने पहुंच गया लेकिन नशे का ओवरडोज हो जाने से टॉयलेट में बैठे बैठे ही युवक की मौत हो गई। टॉयलेट स्टाफ ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को एसएमएस हॉस्पिटल पहुंचाया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह रहा मामला
राजधानी जयपुर के ट्रांसपोर्ट थाना अन्तर्गत एक पब्लिक टॉयलेट में एक युवक टॉयलेट में अंदर जाने के करीब डेढ़ घंटे तक बाहर नहीं निकला तो स्टाफ ने ट्रैक्सी ड्राइवरों की मदद से टॉयलेट का गेट तोड़ा तो युवक शीट पर अचेत अवस्था में बैठा था। टॉयलेट में स्मैक और नशे के इंजेक्शन पड़े मिले। पुलिस ने जानकारी जुटाई तो युवक कुलदीप गुर्जर निवासी दौसा का है। युवक की मौत नशे के ओवरडोज से होने का शक जताया गया है। घटना शुक्रवार शाम करीब 4 बजे ट्रांसपोर्ट नगर चौराहे पर पब्लिक टॉयलेट की है।
गुस्साए लोगों ने किया प्रदर्शन
इधर घटना की सूचना के बाद गुस्साए लोगों ने ट्रांसपोर्ट नगर थाने का घेराव किया। शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक लोगों ने नशे के खिलाफ थाने पर जमकर प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि थाने से कुछ ही दूरी पर खुले में आसानी से नशे की सामग्री खरीदी और बेची जा रही है। उन्होंने स्थानीय महिला अंगूरी सांसी और कालू सांसी पर नशे की खेप बेचने का आरोप लगाया।
लोग उच्चाधिकारियों से बात की मांग पर अड़े
इस मामले में थाने का घेराव कर लोग उच्चाधिकारियों से बात करने की मांग पर अड़ गए। सूचना के बाद करीब साढ़े 9 बजे एसीपी (एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस) लक्ष्मी सुथार से बातचीत हुई। लोगों ने एसीपी को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। उन्होंने ज्ञापन में कार्रवाई के लिए सात दिन का समय दिया है। यदि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो उग्र प्रदर्शन की चेतावनी दी है। स्थानीय निवासी त्रिलोक मीणा ने बताया- नशे की बिक्री को लेकर थाने में कई बार शिकायत की, नशा बेचने वालों के नाम तक पुलिस के बताए गए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। हमारी मांग है कि नशे की बिक्री बंद होनी चाहिए।
सांसी समाज के लोगों पर नशा बेचने का आरोप
जानकारी के अनुसार स्थानीय निवासी बोले- जवाहर नगर के टीला नंबर 0 से लेकर 7 तक ही नहीं बल्कि पूरे जयपुर में नशे का बहुत बड़ा व्यापार चल रहा है। सांसी लोग यहां नशे की बिक्री कर रहे हैं। नशे के कारण 25 से 30 साल के युवाओं की मौत हो रही है। नशे के कारण एक साल में यह 8वीं घटना है। लोगों ने आरोप लगाया कि जयपुर में बड़े स्तर पर नशा बेचा जा रहा है। नशे की ब्रिकी का पूरे समाज को पता है। यहां तक कि पुलिस के बीट अधिकारी से लेकर उच्च अधिकारी तक को सबकुछ जानकारी है। लेकिन पुलिस और प्रशासन की ओर से लापरवाही बरती जा रही है।
यह भी पढ़ें : कांग्रेस उम्मीदवार नीरज डांगी ने राज्यसभा चुनावों के लिए भरा नामांकन, जीत तय
देखें: कॉकरोच जनता पार्टी का दिल्ली में हल्लाबोल! | NEET पेपर लीक पर जंतर-मंतर में बड़ा प्रदर्शन | CJP



