KBP Times

अजमेर कांग्रेस में असंतोष, बागी नेता डोटासरा से मिले, शहर अध्यक्ष की शिकायत

Ajmer Congress

Ajmer Congress : अजमेर शहर कांग्रेस संगठन में चल रही कथित खींचतान और असंतोष अब प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व तक पहुंच गया है। अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष विजय जैन और पीसीसी सदस्य हेमंत भाटी के नेतृत्व में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, पूर्व पदाधिकारियों, पूर्व पार्षदों और जमीनी कार्यकर्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने जयपुर पहुंचकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने अजमेर शहर कांग्रेस संगठन की कार्यप्रणाली को लेकर शिकायत दर्ज कराते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।

शिकायत में लगाए तवज्जों नहीं देने के आरोप

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने आरोप लगाया कि डॉ. राजकुमार जयपाल के अजमेर शहर कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद संगठन अपेक्षित रूप से मजबूत नहीं हो पाया है। कार्यकर्ताओं का दावा है कि वर्तमान शहर कांग्रेस कार्यकारिणी में लंबे समय से पार्टी के लिए संघर्ष करने वाले कई वरिष्ठ और जमीनी कार्यकर्ताओं को उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिला। उन्होंने कार्यकारिणी में शामिल पदाधिकारियों की राजनीतिक पृष्ठभूमि, पार्टी के प्रति योगदान और संगठनात्मक सक्रियता की निष्पक्ष समीक्षा कराने की मांग की।

नजदीकी को प्राथमिकता देने का आरोप

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि कार्यकारिणी के गठन में वरिष्ठता, संगठन के प्रति योगदान और जमीनी सक्रियता के बजाय व्यक्तिगत नजदीकी को प्राथमिकता दी गई। इससे पार्टी के पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ने की बात कही गई। प्रतिनिधिमंडल ने संगठन सृजन से लेकर अब तक गठित कार्यकारिणी की समीक्षा कराने की मांग की!

धर्मेंद्र राठौर के प्रभाव पर भी सवाल

प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस नेता धर्मेंद्र राठौर के राजनीतिक प्रभाव को लेकर भी प्रदेश अध्यक्ष के सामने शिकायत रखी। नेताओं का आरोप है कि अजमेर कांग्रेस के संगठनात्मक फैसलों में बाहरी राजनीतिक प्रभाव की भूमिका बढ़ी है, जिससे स्थानीय कार्यकर्ताओं में असंतोष पैदा हो रहा है। इसके साथ ही पूर्व में सामने आए संगठनात्मक विवादों और कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों की भी निष्पक्ष जांच की मांग की गई।

निगम चुनाव से पहले टिकट को लेकर भी नाराजगी

आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर भी प्रतिनिधि मंडल ने  सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि कुछ वार्डों में संभावित प्रत्याशियों को पहले से ही मौखिक रूप से टिकट का आश्वासन दिए जाने की चर्चाएं चल रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि टिकट वितरण को लेकर पार्टी की ओर से कोई अधिकृत निर्णय नहीं हुआ है तो किसी पदाधिकारी द्वारा पहले से टिकट का आश्वासन देने का अधिकार किसे है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि टिकट वितरण का आधार किसी व्यक्ति की पसंद नहीं, बल्कि पार्टी के प्रति निष्ठा, जनाधार, जीतने की क्षमता और वर्षों की संगठनात्मक सक्रियता होना चाहिए।

चार प्रमुख मांगें रखीं

जयपुर पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के समक्ष चार प्रमुख मांगें रखीं। इनमें डॉ. राजकुमार जयपाल के कार्यकाल की निष्पक्ष जांच के लिए जांच कमेटी गठित करना, वर्तमान शहर कांग्रेस कार्यकारिणी में शामिल पदाधिकारियों की राजनीतिक पृष्ठभूमि एवं संगठनात्मक योगदान की समीक्षा करना, जयपाल के राजनीतिक इतिहास और उन पर लगाए गए कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोपों की जांच तथा आगामी नगर निगम चुनाव के लिए स्वतंत्र और निष्पक्ष टिकट चयन कमेटी गठित करना शामिल है। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि अजमेर कांग्रेस किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि हजारों कार्यकर्ताओं की पार्टी है। उन्होंने प्रदेश नेतृत्व से जमीनी और पुराने कार्यकर्ताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संगठन में पारदर्शिता और कार्यकर्ताओं को सम्मान देने की मांग की।

प्रतिनिधि मंडल में ये नेता रहे शामिल

जयपुर पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में अमोलक सिंह छाबड़ा, अंकुर त्यागी, गुलाम मुस्तफा, श्याम प्रजापति, निर्मल बेरवाल, विपिन बेसिल, विजय नागोरा, मुजफ्फर भारती, नरेश सत्यावना, रेनू मेघवंशी, महेश चौहान, हितेश्वरी टांक, बालमुकुंद टांक, शिवराज भड़ाना, नीरज यादव, मनीष चौरसिया, राकेश धाबाई, मनीष सेठी, इमरान सिद्दीकी और दिनेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें –राजस्थान में 600 मेडिकल ऑफिसर की भर्ती के लिए चिकित्सा मंत्री ने प्रस्ताव को दी मंजूरी

यह भी देखें – जयपुर में कांग्रेस का ‘हिसाब मांगो मार्च’, वॉटर कैनन के बीच पुलिस से भिड़े कार्यकर्ता | KBP Times

ताजा खबरें

ताजा खबरें

kitchen

किचन से निकाल दें ये तीन चीजें, सेहत को पहुंचा सकती है नुकसान

Swatantr Bhardwaj in police custody

दिल्ली पुलिस की हिरासत में ‘स्वतंत्र’, सीजेपी के प्रदर्शन के बाद कार्रवाई

DRDO

रक्षा अनुसंधान में कैरियर बनाना है तो सीधी भर्ती का उठाए लाभ

Khabad House Pushkar

पुष्कर में इजराइली धर्मस्थल ‘खबाद हाउस’ फिर खुला, धार्मिक रस्में शुरु

Ajmer Congress news

अजमेर नगर निगम चुनाव 2026: वार्ड 67 के टिकट को लेकर कांग्रेस में उठे सवाल, चयन प्रक्रिया पर चर्चा तेज

Govind Dev Giri

श्रीराम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव देव गिरी बोले -चढ़ावा चोरी के पीछे षड्यंत्र, चंपत राय बेदाग-निष्कलंक

Jaipur ward election

जयपुर के 150 वार्ड के लिए 723 प्रत्याशी मैदान में, आज चुनाव चिन्हों का आवंटन

Jorjia Meloni and PM Modi

PM मोदी ने मेलोनी को दी बधाई, कहा-भारत और इटली मिलकर समृद्व भविष्य बनाएंगे

Mirzapur The Movie

जन्माष्टमी पर रिलीज हुई फिल्म ‘मिर्जापुर द मूवी’, Public का First Show रिएक्शन

2

2