Archery World Cup Stage 2: भारत की युवा तीरंदाज सिमरनजीत कौर ने चीन के शंघाई में चल रहे आर्चरी वर्ल्ड कप स्टेज 2 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा के सेमीफाइनल में जगह बना ली है. यह पहला मौका है, जब सिमरनजीत किसी वर्ल्ड कप स्टेज के अंतिम चार में पहुंची हैं. युआनशेन स्पोर्ट्स सेंटर में खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सिमरनजीत ने चीनी ताइपे की फोंग यू झू को 6-0 से एकतरफा अंदाज में हराया है. भारतीय तीरंदाज ने मुकाबले में लगातार शानदार निशाने लगाए और 27, 28 तथा 29 का स्कोर किया. मैच में उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी के मुकाबले दोगुने 10 स्कोर किए, जिससे उनकी जीत बेहद आसान हो गई.
जीत के बाद सिमरनजीत काफी भावुक नजर आईं. मैच खत्म होते ही उन्होंने अपने पिता को फोन किया और खुशी के आंसू छलक पड़े. वर्ल्ड आर्चरी से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह पल उनके लिए बेहद खास है और वह लंबे समय से ऐसी सफलता का इंतजार कर रही थीं. सिमरनजीत ने बताया कि मुकाबले के दौरान वह खुद को शांत रखने की कोशिश कर रही थीं और सिर्फ निशाने पर ध्यान दे रही थीं.
दीपिका, अंकिता और कुमकुम को मिली हार
दिलचस्प बात यह रही कि क्वालिफिकेशन राउंड में भारतीय महिला रिकर्व टीम में सिमरनजीत सबसे नीचे रहीं थीं. टीम की दूसरी तीरंदाज अंकिता भक्त 10वें, कुमकुम अनिल मोहोद 11वें और स्टार खिलाड़ी दीपिका कुमारी 14वें स्थान पर रही थीं. हालांकि नॉकआउट मुकाबलों में सिमरनजीत ने शानदार वापसी कर सभी को प्रभावित किया. अंकिता भक्त तीसरे राउंड में शूट-ऑफ में फोंग यू झू से हार गईं, जबकि दीपिका कुमारी को दक्षिण कोरिया की कांग चाएयंग ने 6-4 से हराया. वहीं, कुमकुम मोहोद को मेक्सिको की एलेजांद्रा वालेंसिया के खिलाफ 3-7 से हार का सामना करना पड़ा.
शंघाई से पदक मिलने की उम्मीद
2024 एशिया कप की सिल्वर मेडलिस्ट सिमरनजीत को ओवरऑल 15वीं सीड मिली है, इसलिए वह चीन के खिलाफ भारत के रिकर्व महिला टीम गोल्ड मेडल मैच में हिस्सा नहीं लेंगी. हालांकि भारतीय टीम को रविवार को शंघाई से पदक मिलने की उम्मीद बनी हुई है. दूसरी ओर, पुरुष रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा में भारत का अभियान खत्म हो गया. धीरज बोम्मादेवरा चौथे राउंड में फ्रांस के जीन-चार्ल्स वलाडोंट से 0-6 से हार गए.



