Farmers : सिंगला बांध की करीब 2500 बीघा भूमि को किसानों की खातेदारी में रखने की प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद पिछले 20 दिनों से चल रहा किसान आंदोलन अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया। आंदोलन स्थगित होने के बाद किसानों ने इसे अपनी जीत बताते हुए सिंगला बांध पर विजय उत्सव मनाया और लड्डू बांटकर खुशी जाहिर की।
रामपाल जाट की सत्य, शांति और अहिंसा की नीति को दिया जीत का श्रेय
किसानों ने आंदोलन की सफलता का प्रमुख श्रेय किसान महापंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल जाट की सत्य, शांति और अहिंसा की नीति को दिया। इस दौरान रामपाल जाट का अभिनंदन किया गया। साथ ही किसान महापंचायत के जिलाध्यक्ष प्रहलाद खुरडिया, प्रदेश मंत्री बत्ती लाल बैरवा और ज्ञानचंद मीणा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं सूचना विशेषज्ञ गौरीशंकर मालू, किशनगढ़ तहसील अध्यक्ष मोहन चौधरी और राजू गुर्जर का भी सम्मान किया गया। आंदोलन में सहयोग के लिए दूदू विधानसभा अध्यक्ष हरजीराम गठाला और रणजीत रिणवा का भी आभार जताया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों का भी किया सम्मान
विजय उत्सव के दौरान उपखंड अधिकारी राजकुमार टाडा, उप पुलिस अधीक्षक आयुष, तहसीलदार कृष्ण शर्मा और थाना अधिकारी रामस्वरूप चौधरी को भी सकारात्मक भूमिका के लिए सम्मानित किया गया। जिला प्रशासन की ओर से अधिकारियों ने किसानों के शांतिपूर्ण आंदोलन की प्रशंसा की। आंदोलन समिति की ओर से संयोजक गोविंद सिंह, पूर्व सरपंच उगमाराम जाजुंदा, प्रभु घस्वा, हनुमानाराम, उपसरपंच कैलाश सिंह, ग्राम सेवा सहकारी समिति अध्यक्ष बालकिशन बिजारणिया, रामेश्वर डूडी, प्रभु खाचरिया, हरकरण गुर्जर, कानाराम गुर्जर, डेयरी अध्यक्ष शयोजी सिंह, पूर्व वार्ड पंच कालूराम चौकीदार, जबर सिंह और मनोहर सिंह सहित अन्य लोगों ने स्वागत और सम्मान कार्यक्रम में भागीदारी निभाई।
अजमेर तक निकाली गई थी 45 किलोमीटर लंबी ट्रैक्टर रैली
इससे पहले 12 अगस्त को सिंगला बांध से अजमेर तक 45 किलोमीटर से अधिक दूरी की विशाल ट्रैक्टर रैली निकाली गई थी। किसान तिरंगा झंडों के साथ ट्रैक्टरों में सवार होकर अजमेर पहुंचे थे। रैली के बाद जिला कलेक्टर लोक बंधु, पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला समेत प्रशासनिक अधिकारियों और जल शक्ति मंत्रालय के अधिकारियों की मौजूदगी में आंदोलनकारी किसानों के प्रतिनिधियों के साथ वार्ता हुई।
वार्ता के बाद आंदोलन स्थगित करने की हुई घोषणा
प्रशासन के साथ वार्ता के बाद आंदोलन समिति ने धरना स्थगित करने की घोषणा की। इसके बाद अजमेर पहुंचे आंदोलनकारी किसान अपने-अपने स्थानों के लिए रवाना हुए। इस आंदोलन में अजमेर डेयरी अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी, पूर्व विधायक गोपाल बाहेती और नदीम अख्तर सहित कई नेताओं ने भी भागीदारी की। करीब 20 दिनों तक चले आंदोलन के स्थगित होने और किसानों की मांग पर सकारात्मक निर्णय के बाद सिंगला बांध क्षेत्र में किसानों ने इसे विजय के रूप में मनाया।
यह भी पढ़ें –राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह बीकानेर में , 23 जिला मुख्यालयों पर मंत्री करेंगे ध्वजारोहण
यह भी देखें – जयपुर में खुली जेल के कैदी की गोली मारकर हत्या | परिजनों का प्रदर्शन, मुआवजा और एनकाउंटर की मांग



