Rahul Gandhi Foreign Visit: राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विदेश दौरों, वोट चोरी के आरोपों और कांग्रेस की राजनीतिक गतिविधियों को लेकर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी संसद सत्र के दौरान भी विदेश यात्राओं पर चले जाते हैं और वहां से लौटकर ऐसे मुद्दे उठाते हैं, जिनसे संसदीय कार्यवाही बाधित होती है. राठौड़ ने कहा कि राजनीतिक दलों को ऐसी राजनीति करनी चाहिए, जिससे देश मजबूत हो और नागरिकों का भला हो.
राहुल गांधी के विदेश दौरों पर उठाए सवाल
मदन राठौड़ ने कहा कि राहुल गांधी हर बार विदेश दौरे से प्रेरित होकर आते हैं और कोई न कोई नया शगूफा छेड़ देते हैं. इससे संसद के कामकाज में अवरोध उत्पन्न होता है. उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों की जिम्मेदारी है कि वे देशहित को प्राथमिकता दें. ऐसी राजनीति नहीं होनी चाहिए, जिससे देश को नुकसान पहुंचे.
वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस को घेरा
राठौड़ ने कांग्रेस के वोट चोरी संबंधी आरोपों पर पलटवार करते हुए सोनिया गांधी की नागरिकता और मतदाता पहचान पत्र को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने दावा किया कि सोनिया गांधी का मतदाता पहचान पत्र भारतीय नागरिकता ग्रहण करने से पहले बना था. हालांकि, यह भाजपा नेता का आरोप है. एसआईआर के दौरान मतदाता सूची से नाम हटने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को सामने आकर तथ्य रखने चाहिए. कांग्रेस पर उन्होंने भ्रम फैलाने का आरोप लगाया.
खरगे के बयान पर भी साधा निशाना
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से जुड़े विवाद पर राठौड़ ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन सभी का अधिकार है, लेकिन अराजकता और विद्रोह की भाषा स्वीकार्य नहीं है. उन्होंने कांग्रेस के एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हटाने के लिए कथित विद्रोह की बात कहे जाने की आलोचना की. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सत्ता हासिल करने की बेचैनी में अराजकता का माहौल बनाना चाहती है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता जनता का विश्वास जीतकर और जनसेवा के माध्यम से हासिल की जाती है. राजनीतिक दलों को विद्रोह की मानसिकता छोड़कर लोकतांत्रिक मर्यादाओं और जनहित के रास्ते पर चलना चाहिए.
यह भी पढ़ें: IND vs NZ: अभिषेक शर्मा के तूफानी शतक से न्यूजीलैंड में भारत का धमाका, 6 विकेट से जीता तीसरा T20


