MakhanaTikki Recipe: मखाना स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी काफी अच्छा माना जाता है। इससे कई तरह के हेल्दी स्नैक्स बनाए जा सकते हैं। अगर आप कुछ अलग और टेस्टी बनाना चाहते हैं तो मखाना, सूजी और आलू की मदद से कुरकुरी टिक्की तैयार कर सकते हैं। यह स्नैक नाश्ते में शाम की चाय के साथ या बच्चों के टिफिन के लिए भी एक बढ़िया ऑप्शन है। इसके अलावा मखाने से बनने वाला एक और आसान स्नैक है गार्लिक रोस्टेड मखाना, जिसे आप कुछ ही मिनटों में बना सकते हैं।
मखाना टिक्की बनाने के लिए सामग्री
मखाना – 1 कप
सूजी – ½ कप
उबले आलू – 2
हरी मिर्च – 2 (बारीक कटी)
अदरक – 1 छोटा टुकड़ा (कद्दूकस किया हुआ)
धनिया पत्ता – 2 बड़े चम्मच (कटा हुआ)
लाल मिर्च पाउडर – ½ चम्मच
गरम मसाला – ½ चम्मच
नमक – स्वादानुसार
नींबू का रस – 1 चम्मच
तेल – जरूरत के अनुसार
यह भी पढ़ें : क्या कम कैलोरी खाने से दिमाग रहता है जवान? नई रिसर्च में जाने
मखाना टिक्की बनाने की विधि
सबसे पहले कड़ाही में थोड़ा घी डालकर मखानों को हल्का कुरकुरा होने तक भून लें। इसके बाद आलू को उबालकर छील लें और कद्दूकस कर लें। अब एक बर्तन में सूजी लें और उसमें हरी मिर्च, अदरक, धनिया पत्ता, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, नमक और नींबू का रस डालकर अच्छी तरह मिला लें। इसके बाद कड़ाही में थोड़ा तेल डालें और सूजी, आलू व मसालों के मिश्रण को हल्का भून लें। अब भुने हुए मखानों को मिक्सी में डालकर दरदरा पीस लें। ध्यान रखें कि मखाने बिल्कुल बारीक पाउडर न हों। इस पिसे हुए मखाने को सूजी और आलू के मिश्रण में डालकर अच्छे से मिला लें। जब मिश्रण थोड़ा ठंडा हो जाए तो हाथ से टिक्की का आकार बना लें। अब तवे पर हल्का तेल डालकर इन टिक्कियों को दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेक लें। चाहें तो इन्हें एयर फ्रायर या डीप फ्राई करके भी बना सकते हैं। स्वादिष्ट और क्रिस्पी मखाना टिक्की तैयार है।
यह भी देखें : सरकारी नौकरी क्यों? युवाओं को Vasundhara Raje की बड़ी सलाह | जयपुर में सशक्त युवा सम्मेलन
गार्लिक रोस्टेड मखाना बनाने की आसान रेसिपी
अगर आप चाय के साथ हल्का और हेल्दी स्नैक चाहते हैं तो गार्लिक रोस्टेड मखाना भी बना सकते हैं। सबसे पहले कड़ाही में थोड़ा घी या तेल गर्म करें। इसमें बारीक कटा या कुटा हुआ लहसुन डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें। इसके बाद मखाने डालें और धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए रोस्ट करें। ऊपर से स्वादानुसार नमक और थोड़ा काली मिर्च पाउडर डाल दें। कुछ मिनट में मखाने कुरकुरे हो जाएंगे। गैस बंद करें और इन्हें गरम-गरम चाय के साथ सर्व करें।



