Swine Flu :राजस्थान में अगस्त के महीने में स्वाइन फ्लू के मामलों ने रफ्तार पकड़ ली है। जनवरी से जुलाई तक जहां कुल 91 केस मिले थे, वहीं अकेले अगस्त में 56 मरीज सामने आ चुके हैं। कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा की तबीयत बिगड़ने की खबर ने भी स्वाइन फ्लू को लेकर चर्चा बढ़ा दी है।
राजस्थान सरकार ने की बढ़ते मामलों के बाद तैयारी
मामलों में बढ़ोतरी के बाद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने राज्य में अलर्ट जारी किया है। हालांकि शुरुआती तौर पर विभाग की ओर से इसमें देरी की गई। जिसकी वजह से अचानक अगस्त के महीने में केसों की संख्या में काफी उछाल देखने को मिला। स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के अनुसार, मेडिकल संस्थानों को मरीजों की स्क्रीनिंग, उपचार और जरूरत पड़ने पर रेफरल के लिए तैयार रहने को कहा गया है। विभाग स्थिति पर निगरानी रख रहा है।
राजस्थान में स्वाइन फ्लू के केस बढ़े
शुरुआती महीनों में मामले कम थे, लेकिन अगस्त में अचानक केस बढ़ गए। इसके बाद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल संस्थानों को स्क्रीनिंग, इलाज और जरूरत पड़ने पर मरीजों को रेफर करने की व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश जारी किए। प्रदेश में जनवरी से अगस्त 2026 तक स्वाइन फ्लू के 147 केस सामने आ चुके हैं। अकेले अगस्त में 56 मरीज मिले हैं। यह 2026 में किसी एक महीने में सामने आए सबसे ज्यादा केस हैं। हालांकि, अभी किसी नए या ज्यादा खतरनाक स्ट्रेन के फैलने की पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए मौजूदा बढ़ोतरी को फिलहाल नए वायरस के रूप में नहीं देखा जा रहा है। कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा स्वाइन फ्लू यानी H1N1 वायरस से संक्रमित पाए गए। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भी भर्ती कराना पड़ा था। उनकी सेहत में सुधार के बाद उन्हें हॉस्पिटल से डिस्चार्ज किया जा चुका है।
केस बढ़ने की वजह और मौसम का कनेक्शन
जानकार चिकित्सक के मुताबिक इन्फ्लुएंजा का प्रसार मौसम और स्थानीय परिस्थितियों के साथ बदलता रहता है। राजस्थान जैसे गर्म इलाके में फ्लू साल के अलग-अलग समय में फैल सकता है। मौसम बदलने के दौरान बंद कमरों में ज्यादा समय बिताना, भीड़भाड़, स्कूल-कॉलेज और दफ्तरों में नजदीकी संपर्क जैसे कारण संक्रमण को फैलने का मौका दे सकते हैं। वायरस संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने, बात करने या सांस लेने से निकलने वाले छोटे कणों के जरिए दूसरे व्यक्ति तक पहुंच सकता है।
स्वाइन फ्लू और सामान्य फ्लू
जिसे आम बोलचाल में स्वाइन फ्लू कहा जाता है, वह इन्फ्लुएंजा ए के एच1एन1 वायरस से होने वाला संक्रमण है। इसके लक्षण सामान्य फ्लू जैसे ही हो सकते हैं। यह सांस से जुड़ी बीमारी है और इसके लक्षण दूसरे मौसमी फ्लू से काफी मिलते-जुलते हैं। अचानक बुखार आना, सूखी खांसी, गले में खराश, नाक बहना या बंद होना, सिरदर्द, बदन और मांसपेशियों में दर्द और काफी कमजोरी इसके सामान्य लक्षण हैं। सिर्फ इन लक्षणों से यह तय नहीं किया जा सकता कि व्यक्ति को एच1एन1 ही है। दूसरे वायरल संक्रमणों में भी इसी तरह की परेशानी हो सकती है। ज्यादातर लोग कुछ दिनों में ठीक हो जाते हैं। लेकिन कुछ मरीजों में संक्रमण गंभीर होकर निमोनिया जैसी बीमारी कर सकता है। खासकर पहले से किसी बीमारी से जूझ रहे लोगों में सावधानी जरूरी है।
यह भी पढ़ें –स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए क्या उपाय करें, वायरल फीवर और स्वाइन फ्लू में अंतर कैसे पता करें ?
यह भी देखें – KBP TIMES की LIVE VAN मैदान में उतरी मदन राठौड़ ने किया LIVE VAN का शुभारंभ



