Mosque Demolised : सहारनपुर के कलेक्ट्रेट परिसर में 70 साल पुरानी मस्जिद ढहाई जा रही है। कार्रवाई के खिलाफ सहारनपुर आ रहीं कैराना सांसद इकरा हसन को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है वहीं एमएलसी शाहनवाज को भी हिरासत में लिया गया है। जानकारी के अनुसार कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित मस्जिद को शनिवार तड़के 4 बजे से 6 बुलडोजर तोड़ने में जुटे हैं। अब तक एक हिस्सा गिराया जा चुका है। एहतियात के तौर पर 5 कंपनी पीएसी, आरएएफ और पुलिस के 200 जवान तैनात हैं। पुलिस किसी को मस्जिद के पास जाने नहीं दे रही है।
अफवाह के चलते जुटी भीड
इससे पहले, इलाके में अफवाह फैली थी कि प्रशासन मस्जिद को तोड़ने जा रहा है। इसके बाद भारी भीड़ जुट गई थी। इसका पता चलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को वहां से हटाया। कार्रवाई के खिलाफ सहारनपुर आ रहीं कैराना सांसद इकरा हसन को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया। इस दौरान इकरा इंस्पेक्टर और महिला दरोगा पर भड़क गईं। कहा कि आप हमें रोक नहीं सकते। हम किसी से डरने वाले नहीं हैं। बसपा सुप्रीमो मायावती ने सरकार से तुरंत कार्रवाई रोकने की अपील की। उन्होंने कहा कि जल्दबाजी में की जा रही कार्रवाई ठीक नहीं है।
DIG बोले- 5 कंपनी PAC और RAF के जवान तैनात
सहारनपुर मंडल के डीआईजी अभिषेक सिंह ने बताया- कलेक्ट्रेट में बनी मस्जिद को सिटी मजिस्ट्रेट की कोर्ट ने सरकारी जमीन पर बना अवैध निर्माण माना था। मस्जिद पक्ष इस आदेश के खिलाफ अपील में गया, लेकिन वहां भी उनकी अपील खारिज हो गई और सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश को बरकरार रखा गया। इसके बाद अब मस्जिद को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। मस्जिद हटाने से पहले सभी कानूनी प्रक्रियाएं, नोटिस और अपील की कार्रवाई पूरी हो चुकी है। अपील खारिज होने के बाद ही यह कार्रवाई शुरू की गई है। सुरक्षा को लेकर अधिकारी ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए सहारनपुर में 5 कंपनी PAC और RAF तैनात है। संवेदनशील इलाकों में लगातार पैदल गश्त और फ्लैग मार्च किया जा रहा है।
इमरान मसूद ने कहा हाईकोर्ट जाएंगे
कांग्रेस सांसद इमरात मसूद ने कहा है कि मस्जिद तोडने के खिलाफ हाईकोर्ट जाएंगें। रात में ही सांसद इमरान मसूद फेसबुक लाइव आए थे। उन्होंने लोगों से अपील की कि कोई ऐसा काम न करे, जिससे आगे चलकर मुसीबतों का सामना करना पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि मस्जिद को तोड़ना सही नहीं है। जिला प्रशासन शनिवार सुबह 4 बजे प्रशासन बुलडोजर लेकर पहुंच गया। यह कार्रवाई मजिस्ट्रेट के आदेश पर हो रही है। कोर्ट ने मस्जिद को अवैध बताया था।
इकरा हसन को पुलिसकर्मियों ने रोका तो भड़कीं
इकरा हसन को पुलिसकर्मियों ने रोका तो वह भड़क गईं। उन्होंने कहा- आप किसलिए रोक रहे हैं? मैंने कोई अपराध किया है क्या? इंस्पेक्टर ने कहा- जन्माष्टमी का त्योहार है, इसलिए रोक रहे हैं। जवाब में इकरा ने कहा- तो हम कौन-सा विघ्न फैलाएंगे। क्या पता, हम किसी त्योहार में ही शरीक होने जा रहे हों? इकरा ने कहा- आप हमें रोककर दिखा दो। इस पर इंस्पेक्टर ने कहा- नहीं-नहीं, आपसे निवेदन कर रहा हूं। जवाब में इकरा ने कहा- मैंने आपके निवेदन को खारिज कर दिया। मैं जाऊंगी जरूर, आप हमें रोक नहीं सकते।
प्रशासन की कार्रवाई गैर-कानूनी
पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान ने कहा- सहारनपुर जिला कोर्ट के फैसले के खिलाफ मस्जिद पक्ष हाईकोर्ट जाने वाला था, लेकिन प्रशासन ने जल्दबाजी में मस्जिद की इमारत पर बुलडोजर की कार्रवाई शुरू कर दी। खबरें आ रही हैं कि मस्जिद को तोड़ा जा रहा है। यह कार्रवाई गैर-कानूनी है।
यह भी पढ़ें –दिल्ली पुलिस की हिरासत में ‘स्वतंत्र’, सीजेपी के प्रदर्शन के बाद कार्रवाई
यह भी देखें – Ward 87 Jaipur: प्रतिभा शर्मा के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन, कालीचरण सराफ ने किया शुभारंभ | BJP


