नए साल 2026 की शुरुआत के साथ ही सिनेमा प्रेमियों के लिए भावुक कर देने वाला पल देखने को मिला, जब ‘कौन बनेगा करोड़पति 17’ के मंच पर अमिताभ बच्चन अपने जिगरी दोस्त धर्मेंद्र को याद कर भावुक हो गए। मौका था धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ के प्रमोशन का, जो 1 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है।
इस खास एपिसोड में अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा फिल्म की टीम के साथ शो में पहुंचे। उनके साथ सिमर भाटिया भी नजर आईं। वहीं, श्वेता बच्चन और नव्या नवेली नंदा की मौजूदगी ने इस एपिसोड को और भी खास बना दिया।
धर्मेंद्र को याद कर भर आईं अमिताभ की आंखें
शो के दौरान अमिताभ बच्चन ने धर्मेंद्र को याद करते हुए कहा कि वह सिर्फ एक अभिनेता नहीं थे, बल्कि एक एहसास थे, जो कभी खत्म नहीं होता। बिग बी की आंखें उस वक्त नम हो गईं, जब स्क्रीन पर धर्मेंद्र और अमिताभ बच्चन की पुरानी फिल्मों की झलकियां दिखाई जा रही थीं। यह पल न सिर्फ मंच पर मौजूद लोगों बल्कि दर्शकों के लिए भी बेहद भावुक रहा।
‘इक्कीस’ को बताया अनमोल याद
अमिताभ बच्चन ने कहा कि ‘इक्कीस’ हिंदी सिनेमा के एक महान कलाकार की आखिरी निशानी है, जो उनके चाहने वालों के लिए हमेशा यादगार रहेगी। उन्होंने धर्मेंद्र के जुनून और मेहनत की तारीफ करते हुए कहा कि एक सच्चा कलाकार अपनी आखिरी सांस तक कला से जुड़ा रहता है।
‘शोले’ से जुड़ा दिलचस्प किस्सा
इस दौरान अमिताभ बच्चन ने अपनी आइकॉनिक फिल्म ‘शोले’ से जुड़ा एक मजेदार और यादगार किस्सा भी सुनाया। उन्होंने बताया कि एक सीन की शूटिंग के दौरान धर्मेंद्र ने उनका हाथ इतनी मजबूती से पकड़ लिया था कि दर्द पूरी तरह असली लगने लगा। इसी वजह से उस सीन में उनकी एक्टिंग बेहद नेचुरल नजर आई।
जयदीप अहलावत ने भी साझा किए अनुभव
शो में मौजूद जयदीप अहलावत ने भी धर्मेंद्र के साथ काम करने के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि सेट पर धर्मेंद्र की मौजूदगी कभी किसी सुपरस्टार जैसी नहीं लगती थी, बल्कि वह परिवार के सदस्य जैसे महसूस होते थे।
भावनाओं से भरा एपिसोड
यह एपिसोड सिर्फ फिल्म प्रमोशन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि दोस्ती, यादों और सम्मान से भरा हुआ नजर आया। अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र की बॉन्डिंग ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सिनेमा से बढ़कर भी कुछ रिश्ते होते हैं, जो समय के साथ और गहरे हो जाते हैं।
यह भी पढ़ेंः न्यूयॉर्क के नए मेयर ज़ोहरान ममदानी ने ली शपथ, आज ब्रॉडवे पर स्ट्रीट पार्टी करेंगे



