Battle of Galwan: अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बन रही फिल्म (Battle of Galwan) का टीजर सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई। सलमान खान, जो फिल्म में कर्नल संतोष बाबू का किरदार निभा रहे हैं, उनके एक खास एक्सप्रेशन ने लोगों का ध्यान खींचा। टीजर के एक सीन में सलमान के चेहरे पर दिखी हल्की मुस्कान को लेकर कई यूजर्स ने सवाल उठाए और इसे युद्ध जैसी गंभीर स्थिति से जोड़कर आलोचना शुरू कर दी।
तहसीन पूनावाला ने किया सलमान खान का बचाव
इस ट्रोलिंग के बीच पॉलिटिकल एनालिस्ट और पूर्व बिग बॉस कंटेस्टेंट तहसीन पूनावाला सलमान खान के समर्थन में सामने आए। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि टीजर में दिखाई गई मुस्कान को गलत तरीके से समझा जा रहा है। उनके मुताबिक, यह एक्सप्रेशन किसी तरह की लापरवाही नहीं बल्कि एक अनुभवी सैनिक की मानसिक मजबूती और शांत आक्रामकता को दर्शाता है, जो हालात को पूरी तरह समझते हुए भी खुद को स्थिर रखता है।
‘कमजोरी नहीं, बलिदान की स्वीकृति है ये एक्सप्रेशन’
तहसीन पूनावाला ने आगे कहा कि एक सैनिक जब युद्ध के मैदान में उतरता है, तो वह जीत और बलिदान—दोनों को समान सम्मान के साथ स्वीकार करता है। टीजर में सुनाई देने वाला डायलॉग भी इसी सोच को मजबूत करता है। उनके अनुसार, सलमान खान की मुस्कान डर या कमजोरी नहीं, बल्कि साहस, स्वीकार और देश के लिए कुछ भी करने के जज्बे का प्रतीक है। बता दें कि बैटल ऑफ गलवान 17 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।



