PF: प्राइवेट सेक्टर में नौकरी की अस्थिरता आम बात है। कभी कंपनी की छंटनी, कभी करियर बदलने की जरूरत, कभी बेरोजगारी ये सब आम हैं। अक्सर लोग सोचते हैं कि अगर नौकरी छोड़ दी और पीएफ (PF) में नया पैसा जमा नहीं हो रहा, तो पुराने पैसे पर ब्याज भी नहीं मिलेगा। लेकिन ऐसा नहीं है, नौकरी छोड़ने के बाद भी आपका पीएफ (PF) खाता चलता रहता है और जमा पैसे पर ब्याज बढ़ता रहता है।
3 साल का डर सिर्फ गलतफहमी है
बहुत लोग मानते हैं कि “अगर 3 साल तक पीएफ (PF) में कोई जमा नहीं हुआ तो ब्याज रुक जाएगा।” ये पुराना नियम था और केवल रिटायर हुए लोगों पर लागू था, नौकरी छोड़ने वाले युवाओं पर नहीं। 2016 में नियम बदल गए और अब यह साफ है कि 58 साल की उम्र से पहले कोई भी कर्मचारी अगर नौकरी छोड़ता है, तो उसका खाता एक्टिव रहता है और ब्याज जुड़ता रहता है।
रिटायरमेंट के बाद नियम अलग है
पीएफ (PF) पर ब्याज मिलने का संबंध आपकी रिटायरमेंट उम्र से है। यानी जब तक आप 58 साल की उम्र तक नहीं पहुंचते, आपका पीएफ खाता ब्याज जोड़ता रहेगा, चाहे उसमें लंबे समय तक कोई नया पैसा जमा न हो। सिर्फ रिटायरमेंट के बाद, अगर 3 साल तक पैसा क्लेम नहीं किया जाए, तब ब्याज रुकता है। इसलिए बेरोजगारी या लंबे ब्रेक के दौरान भी आप अपने पीएफ (PF) के पैसे को सुरक्षित समझ सकते हैं।



