Indian Trade: यूरोप का पूरा बाजार भारतीय कंपनियों के लिए खुलने जा रहा है। भारत और 27 देशों के समूह यूरोपीय संघ के बीच फ्री ट्रेड डील दिसंबर तक व्यापारिक समझौते पर हस्ताक्षर हो सकते हैं। रविवार को यह जानकारी देते हुए केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि समझौते को अगले साल फरवरी या मार्च तक लागू किए जाने की संभावना है।
भारतीय निर्यात को फायदा
मुंबई में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के एक कार्यक्रम में बोलते हुए गोयल ने कहा कि इस समझौते के बाद यूरोप का लगभग पूरा बाजार भारतीय कंपनियों के लिए खुल जाएगा. इससे भारतीय उत्पादों को यूरोप में पहुंचने में आसानी होगी और कई सामानों पर लगने वाली ड्यूटी लगभग खत्म हो जाएगी. मंत्री ने बताया कि भारत से यूरोपीय संघ भेजे जाने वाले करीब 93 फीसदी उत्पादों को ड्यूटी-फ्री यानी बिना शुल्क के बाजार तक पहुंच मिलेगी. इससे भारतीय निर्यातकों को बड़ा फायदा हो सकता है. खासकर कपड़ा, इंजीनियरिंग, फार्मा, कृषि और अन्य क्षेत्रों के निर्यात को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। वहीं, इस समझौते के बाद यूरोप से आने वाली लग्जरी कारें और वाइन भी भारत में पहले के मुकाबले सस्ती हो सकती हैं. इससे भारतीय ग्राहकों को अधिक विकल्प मिलेंगे।
अमेरिका से भी समझौता
पीयूष गोयल ने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही है. उन्होंने यह भी बताया कि अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि जैमिसन ग्रीर इस हफ्ते भारत आ रहे हैं, जहां दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते पर चर्चा होगी। इसके अलावा गोयल ने कहा कि हाल ही में फ्रांस में हुए जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान कनाडा के प्रधानमंत्री ने भी भारत के साथ प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते को इस साल पूरा करने की इच्छा जताई है। भारत और यूरोपीय संघ की अर्थव्यवस्थाएं मिलकर दुनिया की कुल जीडीपी का करीब 25 फीसदी हिस्सा हैं. साथ ही वैश्विक व्यापार का लगभग एक-तिहाई हिस्सा भी इन दोनों के बीच आता है. ऐसे में यह समझौता सिर्फ भारत और यूरोप ही नहीं, बल्कि वैश्विक व्यापार के लिए भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. विशेषज्ञों का मानना है कि यह समझौता भारतीय उद्योग, निर्यात और रोजगार के लिए नए अवसर पैदा कर सकता है.
यह भी पढ़ें : जापान के सेमीकंडक्टर बाजार में उतरने की तैयारी में भारतीय कंपनी
यह भी देखें: हिंदू-मुस्लिम राजनीति पर खुलकर बोले राजेंद्र गुढ़ा, सरकार पर भी साधा निशाना। KBP Times



