Iran America War: होर्मुज स्ट्रेट को पार करने की कोशिश कर रहे ईरान के एक मालवाहक जहाज को अमेरिका ने अपने कब्जे में ले लिया है. टॉस्का नामक जहाज को अमेरिकी डेस्ट्रायर यूएसएस स्प्रूअन्स ने रोका है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मुताबिक, जहाज ने चेतावनियों को नजरअंदाज किया, इसके बाद अमेरिकी मरीन ने उसे रोक किया. सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि टॉस्का नामक जहाज हमारे कब्जे में है. इसके अंदर क्या है चेक किया जा रहा है.
“अमेरिका ने सीजफायर का उल्लंघन किया है”
वहीं ईरान के हजरत खातम अल-अनबिया सैन्य मुख्यालय की तरफ से कहा गया है कि अमेरिका ने सीजफायर का उल्लंघन किया है. ओमान की खाड़ी में ईरान के एक व्यापारिक जहाज पर फायरिंग की गई है, जिससे उसका नेविगेशन सिस्टम खराब हो गया. तस्नीम मीडिया के अनुसार, जहाज चीन से ईरान जा रहा था. ईरान ने अमेरिका द्वारा जहाज को कब्जे में लेने को समुद्री डकैती करार दिया है. साथ ही चेतावनी दी कि वे जल्द इसका जवाब देंगे.
“अमेरिका अपनी शर्तें थोपेगा तो ईरान इसके लिए तैयार नहीं”
ईरान के संसदीय राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के प्रमुख इब्राहिम अजीजी ने कहा कि अमेरिका के साथ बातचीत को लेकर ईरान का रुख पूरी तरह राष्ट्रीय हित और सुरक्षा पर आधारित है. अल जजीरा के मुताबिक, इब्राहिम अजीजी ने साफ तौर पर कहा है कि ईरान वही करेगा जो उसकी सुरक्षा और प्राथमिकताओं के लिए जरूरी होगा. जब उनसे पूछा गया कि क्या ईरान इस्लामाबाद में होने वाली बातचीत में हिस्सा लेगा, तो उन्होंने कहा कि फैसला हालात और देशहित को देखकर लिया जाएगा. अमेरिका अगर अपनी शर्तें थोपने की कोशिश करेगा तो ईरान इसके लिए तैयार नहीं है.
यह भी पढ़ें: ईरान-इंडिया संबंध मजबूत तो फिर होर्मुज में भारतीय जहाज पर फायरिंग क्यों? MEA ने मांगा जवाब
अमेरिका से मदद ले सकता है यूएई
वहीं दूसरी तरफ संयुक्त अरब अमीरात अब अमेरिका से मदद लेने की तैयारी में नजर आ रहा है. यूएई को ईरान जंग की वजह से अर्थव्यवस्था पर असर पड़ने का डर बढ़ गया है. दोनों देशों के बीच बातचीत हो रही है कि अगर हालात और बिगड़ते हैं तो अमेरिका यूएई को आर्थिक सहारा दे सकता है. अमेरिका यूएई को डॉलर दे सकता है. ताकि उसकी अर्थव्यवस्था को झटका लगने से बच सके.
अमेरिका ने जारी किया ईरानी जहाज पर कब्जे का वीडियो
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने सोमवार को एक वीडियो जारी किया है जिसमें दिखाया गया कि अमेरिकी सेना ने एक ईरानी झंडे वाले जहाज को कैसे कब्जे में लिया. CENTCOM के मुताबिक ऑपरेशन में अमेरिकी मरीन सैनिक हेलीकॉप्टर के जरिए यूएसएस ट्रिपोली जहाज से उड़ान भरकर टॉस्का नामक जहाज पर उतरे और रस्सियों के सहारे नीचे उतरकर उस पर चढ़े.



