US Iran Conflict:पाकिस्तान के इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच 21 घंटे तक चली शांति वार्ता विफल रही. मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, ईरान-अमेरिका के बीच होर्मुज स्ट्रेट खोलने और न्यूक्लियर प्रोग्राम पर पेंच फंसा रहा. शांति वार्ता फेल होने के बाद अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट की नाकेबंदी करने का ऐलान किया है. अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक, भारतीय समयानुसार शाम साढ़े 7 बजे से ईरान के बंदरगाहों की ओर आने-जाने वाले जहाजों को रोका जाएगा. ट्रंप ने कहा कि नाकेबंदी का मकसद ईरान की तेल बिक्री रोकना है. ट्रंप के मुताबिक कई अन्य देश भी इस प्रयास भी अमेरिका का साथ दे रहे हैं. उन्होंने दावा किया है कि ईरान की सैन्य ताकत को भारी नुकसान हुआ है और उसकी नौसेना लगभग खत्म हो चुकी है. उन्होंने 158 जहाज तबाह किए जा चुके हैं.
नाकेबंदी के ऐलान के बाद तेल कीमतों में उछाल
डोनाल्ड ट्रंप के नाकेबंदी के ऐलान के बाद वैश्विक तेल कीमतों में उछाल आया है. वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट 104 डॉलर प्रति बैरल और ब्रेंट क्रूड 102 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है. वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में कहा गया है कि वार्ता विफल होने के बाद अमेरिका ईरान पर दोबारा सैन्य हमले करने पर भी विचार कर रहा है. व्हाइट हाउस ने साफ किया है सभी विकल्प खुले हैं और हालत के हिसाब से आगे का फैसला लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें: “होर्मुज हमारे कंट्रोल में, यहां से गुजरना है तो टोल दो…” ईरानी नेता का दावा, ट्रंप ने क्या कहा?
- जंग को लेकर 5 बड़े अपडेट
ईरान की तरफ से दावा किया गया है कि होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह से उनके कंट्रोल में है और वहां से गुजरने वाले जहाजों को रियाल में टोल देना जरूरी होगा.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन को साफ चेतावनी दी है कि अगर उसने ईरान की सैन्य मदद की तो अमेरिका उसपर 50 प्रतिशत तक भारी टैरिफ लगा देगा.
ईरान में करीब 50 लोगों को जासूसी के आरोप में पकड़ा गया है, जिनपर अमेरिका और इजरायल को संवेदनशील जानकारी देने का आरोप है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी नौसेना होर्मुज स्ट्रेट में नाकाबंदी करेगी और ईरान को टोल देने वाले जहाजों को भी रास्ते में रोक लिया जाएगा.
इजरायल के मंत्री बेन गविर के अल अक्सा मस्जिद दौरे पर जॉर्डन ने विरोध जताया और इसे भड़काऊ कदम बताते हुए धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले बताया.



