Ram Mandir Donation Row: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत अन्य पार्टी सांसदों ने सदन के बाहर मकर द्वार पर अयोध्या राम मंदिर चढ़ावे में कथित हेराफेरी व गबन मामले के खिलाफ प्रदर्शन किया. इसके साथ ही हाथ में पोस्टर लिए सपा सांसदों ने चंदा चोर गद्दी छोड़ के नारे भी लगाए. इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि दान पात्र को नहीं बचा पाए, श्रद्धा से जो चढ़ावा चढ़ता है, उसको नहीं बचा पाए. उनसे क्या उम्मीद करोगी कि इस तरह के पेपर लीक नहीं होंगे, परीक्षाएं रद्द नहीं होंगी. संदेश साफ है, जो श्रद्धा के साथ खिलवाड़ कर सकते हैं, वो हमारे युवा नौजवानों के भविष्य के साथ भी खिलवाड़ कर रहे हैं. सबसे बड़ा संकट तो सरकार ही है. बात वही है कि जो लोग दानपात्र तक को नहीं बचा पाए, श्रद्धा से जो चढ़ावा चढ़ाया जाता है, उसे नहीं बचा पाए, उनसे क्या उम्मीद की जाए? संदेश साफ है कि जो लोग श्रद्धा के साथ खिलवाड़ कर सकते हैं, वो हमारे युवा के भविष्य के साथ भी खिलवाड़ कर सकते हैं.
“चंदे को भी हजम करने का काम किया”
सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा कि लोग अपनी श्रद्धा, निष्ठा के साथ मंदिर आए और भगवान राम के चरणों में उन्होंने चंदा दिया, दान दिया लेकिन भाजपा के लोग व उनके साथियों ने इस चंदे को भी हजम करने का काम किया है. अयोध्या में इतनी बड़ी घटना हुई. हमारे मुख्यमंत्री भी लगातार अयोध्या जाते थे. हमारे प्रदेश के मुख्यमंत्री की भी जिम्मेदारी बनती है कि वे बताएं कि ये घोटाला कैसे हुआ. SIT का गठन केवल खानापूर्ति के लिए किया जाता है ताकि लोगों का ध्यान भटक जाए और ऐसा मुद्दे दब जाएं. उन्होंने आगे कहा कि सभी महत्वपूर्ण मुद्दों को समाजवादी पार्टी जोरों-शोरों से सदन में उठाने का प्रयास करेगी.
“ये कहीं भाजपा कार्यालय में ना पहुंच जाए”
सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि पूरे देश के लोगों ने दान दिया, हम सांसदों ने भी दान दिया. हमारे पास भी दानपात्र मौजूद है. हमें बस इस दानपात्र को बचाना है कि ये कहीं भाजपा कार्यालय में ना पहुंच जाए. उन्होंने आगे कहा कि हमने इस मुद्दे पर चर्चा करने के लिए नोटिस भी दिया है. जिस किसी विषय पर अध्यक्ष तैयार हों, हम इस पर गंभीरता से चर्चा करना चाहते हैं और पूरा देश इस चर्चा को सुनना चाहता है.
“अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे”
वहीं सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर कहा कि आपको (अखिलेश यादव) बधाई देता हूं कि आपने खुलासा किया, लेकिन अफसोस है कि भारतीय जनता पार्टी के लोग, इनकी सरकार बड़ी-बड़ी मछलियों को बचा रही है. लेकिन ये कितनों को बचाएंगे? प्रभु श्रीराम के मंदिर का मामला है, करोड़ों-करोड़ों लोगों की आस्था का सवाल है. ये बर्बाद हो जाएंगे, ये जाएंगे…अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे, भारतीय जनता पार्टी को 50 सीट भी नहीं मिलेगी. ये प्रभु का कहना है, अवधेश प्रसाद का नहीं है. ये प्रभु की आवाज है.
यह भी पढ़ें: अमेरिका-सऊदी की इराक में एयरस्ट्राइक, PMF के 10 लड़ाके ढेर, जवाब में ईरान ने दागीं बैलिस्टिक मिसाइलें



