Russia President Putin : रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ब्रिक्स समिट में शामिल होने के लिए भारत पहुंच गए हैं। पुतिन का प्लेन रात करीब 3 बजे नई दिल्ली पहुंचा। एयरपोर्ट पर विदेश राज्य मंत्री केवी सिंह ने उनका स्वागत किया। रेड कार्पेट और गार्ड ऑफ ऑनर के बाद पुतिन का काफिला एयरपोर्ट से रवाना हुआ। रूसी राष्ट्रपति दिल्ली के आईटीसी मौर्या होटल में ठहरे हैं।
मोदी-पुतिन की मुलाकात
BRICS से पहले आज प्रधानमंत्री मोदी और पुतिन की बैठक होगी। इसमें एफ-57 फाइटर जेट और अपडेटेड ब्रह्मोस समेत कई डिफेंस डील पर चर्चा हो सकती है। रूस भारत को फाइटर जेट की बिक्री के साथ भारत में इसका उत्पादन और जरूरी तकनीक साझा करने की पेशकश पहले ही कर चुका है। भारत चाहता है कि इस डील से उसे ऐसी तकनीक मिले, जिसका इस्तेमाल आगे स्वदेशी लड़ाकू विमान बनाने में भी किया जा सके।
पुतिन से पहले उनकी बख्तरबंद कार पहुंची
ब्रिक्स समिट में शामिल हो रहे दुनिया के 2 बड़े नेताओं रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के काफिले सबसे बड़े होंगे। गुरुवार को जेवर एयरपोर्ट पर 3 रूसी ट्रांसपोर्ट विमान के जरिए पुतिन का काफिला और ऑरस सीनेट बख्तरबंद लिमोजिन भी भारत पहुंची। पुतिन के साथ भारत आने वाला ‘फ्लाइंग क्रेमलिन’ विमान चलता-फिरता राष्ट्रपति कमांड सेंटर है। दिल्ली में पुतिन की अंदरूनी सुरक्षा एफएसओ संभालेगी, जबकि भारतीय एजेंसियां बाहरी घेरा रखेंगी। उन्हें दिए जाने वाले खाने की अलग जांच होगी। रूस अपने रसोइयों का इस्तेमाल करेगा। इससे पहले, रूस की दूसरी स्पेशल फ्लाइट राजनयिकों के साथ दिल्ली पहुंची। पहले डिप्टी डेनिस मंटुरोव भी भारत पहुंच चुके हैं।
ईरानी राष्ट्रपति से भी पीएम मोदी की बैठक
पीएम मोदी आज ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजेशकियान से द्विपक्षीय मुलाकात करेंगे। पजेशकियान शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंच रहे हैं। यह आठ साल बाद किसी ईरानी राष्ट्रपति की भारत यात्रा है। दोनों नेताओं की मुलाकात ऐसे समय हो रही है, जब पश्चिम एशिया में तनाव जारी है। इससे पहले 31 अगस्त को एससीओ शिखर सम्मेलन के दौरान मोदी और पजेशकियान की मुलाकात हुई थी। तब दोनों ने द्विपक्षीय संबंधों, पश्चिम एशिया की स्थिति और क्षेत्र में शांति व स्थिरता के लिए संवाद एवं कूटनीति की जरूरत पर चर्चा की थी।


