Rahul Gandhi : देशभर में अन्याय और अपने हक के लिए लड़ रहे लोगों की आवाज को एक साथ जोड़ने के लिए राहुल गांधी ने सत्याग्रह नाम से एक पहल शुरू की है। राहुल ने कहा कि जो भी लोग अन्याय के खिलाफ लड़ रहे हैं, वे अपनी कहानी भेजें। मैं नेता विपक्ष के रूप में संसद से लेकर सड़क तक आपके साथ खड़ा हूं।
अकेले लड़ने वालों की आवाज दब जाती है
राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा- देशभर में लोग अपने हक के लिए लड़ रहे हैं और अक्सर अकेले लड़ रहे हैं। जेन-जी, छात्र, किसान, आदिवासी, दलित, महिलाएं। हर संघर्ष की अपनी कहानी है। पर जो आवाज अकेली उठती है, वो अक्सर दब जाती है। सत्याग्रह इन्हीं आवाजों को एक साथ लाने की पहल है। बापू ने यही सिखाया था – सच सबसे बड़ा हथियार है। पर उससे भी बड़ा हथियार है, एकता में सच के साथ खड़े होना। अगर आप भी किसी अन्याय से लड़ रहे हैं – अपनी कहानी भेजिए। दो मिनट लगेंगे।
SIR और चुनाव आयोग के विरोध में CJP का भी प्रदर्शन
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और वोटर लिस्ट के एसआईआर के विरोध में विपक्षी दल, कॉकरोच जनता पार्टी और लेफ्ट छात्र संगठन प्रदर्शन कर रहे हैं। सीजेपी ने शुक्रवार को मुंबई के शिवाजी पार्क में प्रदर्शन किया। वे 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर जुटेंगे। वहीं, विपक्षी सांसद 6 अक्टूबर को चुनाव आयोग का घेराव करेंगे।
इंडिया ब्लॉक बैठक में इन प्रस्तावों को किया पास
चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के सांसद 6 अक्टूबर को चुनाव आयोग का घेराव करेंगे। 30 सितंबर की बैठक में 3 बातों पर सहमति बनी थी। मुख्य चुनाव आयोग ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए संसद में प्रस्ताव लाया जाए। वोटर लिस्ट से हटाए गए नामों को सार्वजनिक किया जाए। नाम हटाने से पहले वोटर को नोटिस और अपील का मौका मिले। ईवीएमकी जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराए जाएं।
यह भी पढ़ें – SIR के खिलाफ मुंबई में CJP का प्रदर्शन; दिपके बोले- गांधी देश की आत्मा, अंबेडकर रीढ़, नेहरू दिमाग
यह भी देखें – जयपुर के जनाना अस्पताल की नई IPD पर उठे बड़े सवाल, मरीजों ने बताई बदहाल व्यवस्था



