Delhi Liquor Policy Case: शराब नीति घोटाला मामले में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) समेत सभी आरोपियों को बरी कर दिया है. कोर्ट के फैसले पर अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि इस संसार में कोई कितना भी शक्तिशाली हो जाये,शिव शक्ति से ऊपर नहीं हो सकता. सच की हमेशा जीत होती है. वहीं उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि मैं आज भगवान का शुक्रिया अदा करना चाहती हूं. अरविंद ने अपनी ज़िंदगी ईमानदारी से बिताई है. लेकिन इन लोगों (भाजपा) ने अरविंद और उनके साथियों को जेल भेज दिया. मुझे भरोसा था कि सच की जीत होगी. मैं उन सभी का शुक्रिया अदा करना चाहती हूं जो हमारे साथ खड़े रहे.
“बीजेपी का असली चेहरा भी देश के सामने आ गया”
कोर्ट के फैसले पर दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी (Atishi) ने कहा कि आम आदमी पार्टी एक कट्टर ईमानदार पार्टी है, अरविंद केजरीवाल एक कट्टर ईमानदार नेता हैं, मनीष सिसोदिया कट्टर ईमानदार नेता हैं और आज कोर्ट के आदेश ने यह साबित कर दिया कि किस तरह केंद्र सरकार की एजेंसियों ने षड्यंत्र करके बिना ठीक से जांच करके किस तरह से आरोप लगाए, भाजपा का सच आज देश के सामने आ गया.
यह भी पढ़ें: “यह खेला कैसे हुआ…” केजरीवाल-सिसोदिया के बरी होने पर बोले कांग्रेस नेता वडिंग, BJP ने बताया ‘मास्टरमाइंड’
“ED, CBI के दुरुपयोग से राजनीति नहीं होती”
AAP नेता मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) ने शराब नीति मामले में बरी होने पर कहा कि आज देश की राजनीति के लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है कि प्रधानमंत्री ED, CBI के दम पर जो सत्ता में बने रहने का षड्यंत्र रच रहे थे वह नाकाम हुआ. कोई विपक्षी पार्टी का नेता ईमानदारी से काम कर रहा है तो उन्होंने ED, CBI का इस्तेमाल करके हमें जेल भेजवा दिया. उन्हें क्या मिला? सुप्रीम कोर्ट ने पहले ही कह दिया था कि यह केस मुकदमे में दो सवाल नहीं झेल पाएगा और आज यह कह दिया गया कि यह केस मुकदमे के लायक नहीं है. भाजपा को मानना चाहिए कि वे झूठ बोल रहे थे, उन्हें मानना चाहिए कि ED, CBI के दुरुपयोग से राजनीति नहीं होती.
“सच कभी हार नहीं सकता”
AAP सांसद संजय सिंह (Sanjay Singh) ने कहा कि फैसले से साबित होता है कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने पॉपुलर और ईमानदार मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, काबिल और ईमानदार शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया और हमारी पार्टी को बदनाम करने के लिए एक बड़ी साज़िश रची थी। AAP नेताओं के खिलाफ झूठे केस बनाए गए… प्रधानमंत्री को देश, अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार से माफी मांगनी चाहिए. सच कभी हार नहीं सकता, सच की हमेशा जीत होती है.



