Non Hindu Entry Ban in Har Ki Pauri: धर्मनगरी हरिद्वार में हर की पैड़ी पर गैर हिंदुओं का प्रवेश वर्जित के पोस्टर लगाए गए हैं. जिसको लेकर राजनीतिक बयानबाजी का दौर जारी है. साथ ही हिंदू और मुस्लिम धर्मगुरुओं की प्रतिक्रिया भी आ रही है. इसी कड़ी में ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के प्रमुख मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी की प्रतिक्रिया आई है. उन्होंने कहा कि हरिद्वार में हर की पैड़ी की जगह धर्म-कर्म के काम, धार्मिक त्योहार आयोजित किया जा रहा है. जिसको जहां आस्था है, वो अपनी आस्था के मुताबिक अपना कार्यक्रम अंजाम दे. इसमें किसी को कोई दिक्कत, कोई परेशानी नहीं है. मगर वहां एक नई परंपरा डाली गई, और वो नई परंपरा ये है कि गैर-हिंदुओं का प्रवेश वर्जित है. इस तरह के बोर्ड जगह-जगह नगर निगम की तरफ से लगाए गए हैं.
“बोर्ड लगाना सांप्रदायिक ताकतों को बढ़ावा देना”
मौलाना (Maulana Shahabuddin Razavi Barelvi) ने आगे कहा कि बोर्ड लगाना सांप्रदायिक ताकतों को बढ़ावा देना है. ये हिंदू-मुस्लिम भाईचारे को खत्म करने वाली बात है. भारत में हिंदू और मुसलमान सब लोग मिल-जुलकर रहते हैं. चाहे 1857 की नाकाम जंग-ए-आजादी हो, फिर 1947 हो, उसके बाद में ऑपरेशन सिंदूर 2025 हो, इन तमाम चीजों में हिंदू और मुसलमान एक-दूसरे से कंधे से कंधा मिलाकर ताकत के साथ खड़े रहे हैं. ये इस तरह का बोर्ड लगाकर नफरत फैला रहे हैं.
यह भी पढ़ें: शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद विवाद पर मंत्री अनिल राजभर का बड़ा बयान, कहा- अगर वहां कोई भगदड़…
मामले पर क्या बोली कांग्रेस?
हर की पैड़ी पर गैर हिंदुओं का प्रवेश वर्जित के पोस्टर लगाए जाने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की भी प्रतिक्रिया आई. उन्होंने कहा कि कई बार सरकार और बीजेपी को राय दी है कि वो प्रदेश के युवाओं के उज्जवल भविष्य के लिए रोजगार सृजित करें, जिसके लिए बीजेपी को चुना गया है. अगर बीजेपी इसपर ध्यान केंद्रित करेगी तो बेहतर होगा. राज्य की जनता भी अब अनावश्यक रूप से धार्मिक मामलों में बीजेपी का हस्तक्षेप पसंद भी नहीं कर रही है. अगर बीजेपी विकास की ओर ध्यान देगी तो खुद ही उनके नेता इन बातों से परहेज करने लगेंगे.



