Rahul Gandhi: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने पलटवार किया है. आज दुनिया में बड़े पैमाने पर युद्ध हो रहा है. ऐसे युद्ध में भी भारत सरकार ने आम आदमी के जीवन पर इसका कोई असर न पड़े इसका इंतजाम किया है. पाकिस्तान और श्रीलंका के हालात देखिए. वहां पेट्रोल, गैस मिलना बंद हो गया. सारी चीजें वहां समाप्त हो रही हैं. लेकिन भारत में इसका कोई असर नहीं होने दिया गया. राहुल गांधी देश में अराजकता फैलाने का प्रयास करते रहते हैं. ऐसे प्रयासों के कारण ही जनता उनसे दूर गई है.
“राहुल गांधी सिर्फ उनकी थाली की चिंता करें तो बेहतर होगा”
शिवसेना नेता शायना एनसी (Shayna NC) ने राहुल गांधी के बयान पर कहा कि राहुल गांधी सिर्फ उनकी थाली की चिंता करें तो बेहतर होगा क्योंकि उन्होंने कभी भी नहीं सोचा कि लोगों के लिए काम किया जाए. उन्होंने आरोप लगाया है कि पेट्रोल, डीजल, LPG के दाम बढ़ेंगे लेकिन कोई भी युद्ध होता है तो अस्थायी महंगाई होती है लेकिन ऐसा नहीं है कि हमेशा के लिए ये वातावरण रहेगा. हमारे विशेषज्ञ सरकार के साथ काम करेंगे.
यह भी पढ़ें: “होर्मुज पर मनमानी बर्दाश्त नहीं…” ईरान पर भड़के 22 देश, दे डाली बड़ी चेतावनी
राहुल गांधी ने क्या कहा था?
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने शनिवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि रुपये का डॉलर के मुकाबले कमजोर होकर 100 की तरफ बढ़ना और इंडस्ट्रियल फ्यूल की कीमतों में तेज़ बढ़ोतरी- ये सिर्फ आंकड़े नहीं, आने वाली महंगाई के साफ संकेत हैं. सरकार चाहे इसे “नॉर्मल” बताए, लेकिन हकीकत ये है- उत्पादन और ट्रांसपोर्ट महंगे होंगे, MSMEs को सबसे ज्यादा चोट लगेगी, रोज़मर्रा की चीज़ों के दाम बढ़ेंगे, FII का पैसा और तेजी से बाहर जाएगा, जिससे शेयर बाज़ार पर दबाव बढ़ेगा. यानी, हर परिवार की जेब पर इसका सीधा और गहरा असर पड़ना तय है. और यह सिर्फ वक्त की बात है- चुनाव के बाद पेट्रोल, डीज़ल, LPG की कीमतें भी बढ़ा दी जाएंगी. मोदी सरकार के पास न दिशा है, न रणनीति-सिर्फ बयानबाज़ी है. सवाल यह नहीं कि सरकार क्या कह रही है- सवाल यह है कि आपकी थाली में क्या बचा है.



