Lucknow Coaching Fire: लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग सेंटर में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद यूपी सरकार एक्शन मोड में आ गई है. प्रदेश भर के कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच के आदेश दिए गए हैं. कानपुर, आगरा, मेरठ, बरेली, प्रयागराज, नोए़डा, बहराइच और वाराणसी समेत यूपी के शहरों में पुलिस ने होटल और कोचिंग संस्थानों पर छापेमारी कर रही है. कानपुर में 30, वाराणसी में 2 और नोएडा और मथुरा में एक-एक कोचिंग सेंटर को सील किया गया है. इसके अलावा बरेली में 2 होटल और मथुरा में 1 होटल को सील किया गया है. पुलिस कोचिंग संस्थानों और होटलों में सुरक्षा मानकों की जांच कर रही है कि बिल्डिंग में फायर सेफ्टी की व्यवस्था है या नहीं, इमरजेंसी गेट मौजूद है या नहीं और आपात स्थिति से निपटने के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं या नहीं.
जयपुर के 14 कोचिंग सेंटर सील
लखनऊ के कोचिंग सेंटर में आग लगने से 15 लोगों की मौत के बाद जयपुर प्रशासन भी अलर्ट मोड में आ गया है. छात्रों की सुरक्षा के लिए मंगलवार को जयपुर नगर निगम और पुलिस की टीमों ने फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं के लिए अभियान चलाया. नगर निगम ने 14 कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी को सील कर दिया. इसके अलावा 24 से ज्यादा कोचिंग सेंटर को फायर सेफ्टी का नोटिस दिया है. नगर निगम के अधिकारियों और पुलिस प्रशासन ने फायर सेफ्टी उपकरणों, आपातकालीन स्थिति में बाहर निकलने के रास्तों और फायर एनओसी की जांच की. नगर निगम के अधिकारियों अनुसार, जयपुर शहर के कोचिंग सेंटरों में बड़ी संख्या में छात्र तैयारी करते हैं. ऐसे में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है. अग्निशमन अधिकारी देवांग यादव ने बताया कि ऐसा नहीं है कि लखनऊ हादसे के बाद ऐसा हुआ है.ये हमारी सतत प्रक्रिया है.सतत रूप से शहर में सर्वे जारी है.जहां कहीं भी सुरक्षा इंतजाम में लापरवाही बरती गई है उन पर पहले भी कार्रवाई की गई है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी. कुछ होटल, रेस्टोरेंट और कोचिंग संस्थान को पिछले हफ्ते भी सीज किया गया था.
लखनऊ अग्निकांड वाली बिल्डिंग पर चलेगा बुलडोजर
लखनऊ में अलीगंज की जिस बिल्डिंग में आग लगने से 15 लोगों की मौत हुई है उसको लेकर चौकानें वाला सच सामने आया है. दरअसल, 2016 में उस बिल्डिंग को गिराने का आदेश जारी किया गया था. लेकिन एलडीए के साथ मिलीभगत में आदेश को रद्द करा लिया गया. हादसे के बाद अब लखनऊ विकास प्राधिकरण प्रशासन जागा है. सोमवार देर शाम विभाग ने नोटिस जारी कर 15 दिन में जवाब मांगा है. इसके बाद बिल्डिंग पर बुलडोजर चलेगा. एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि ध्वस्तीकरण का नोटिस फिर से जारी किया गया है. इसमें 15 दिन का समय दिया गया है क्योंकि इस दौरान कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाती है. इसके बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: राम मंदिर चंदा चोरी मामला: SIT ने योगी सरकार को सौंपी रिपोर्ट, ट्रस्ट दोबारा गठित करने की सिफारिश



