US-Israel-Iran War: ईरान-अमेरिका के बीच चल रही जंग को खत्म करने के लिए आज(11 अप्रैल) पाकिस्तान के इस्लामाबाद में अहम बातचीत होने वाली है. उससे पहले ईरान के वरिष्ठ नेता इस्लामाबाद पहुंच चुके हैं. इस बातचीत की अगुवाई ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबाफ कर रहे हैं. उन्होंने इस्लामाबाद पहुंचने के बाद अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फोटो शेयर की. जिसमें विमान की सीटों पर बच्चों की तस्वीर के साथ उनके स्कूल बैग और फूल रखे हुए हैं. बता दें कि 28 फरवरी को ईरान के मिनाब शहर पर हमला हुआ था. इस हमले में 168 लोगों की मौत हुई थी. प्राइमरी स्कूल के बच्चे और स्टाफ भी इस हमले की चपेट में आ गया. ईरान ने अमेरिका और इजरायल पर इस हमले का आरोप लगाया था. हमला इतना भयानक था कि इसकी तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद दुनिया भर में इसकी कड़ी निंदा हुई थी. घटनास्थल के चारों तरफ तबाही का मंजर था, चारों तरफ खून से सनी जमीन बिखरे बैग-जूते और चीख-पुकार का माहौल दिखाई दिया था.
वहीं ईरान के आरोप को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खारिज कर दिया था. उन्होंने कहा कि हमला खुद ईरान की गलती हो सकती है, क्योंकि उनके हथियार सही हथियार नहीं लगा पाते.
अमेरिकी उपराष्ट्रपति भी पाकिस्तान पहुंचे
ईरान-अमेरिका के बीच शांति बैठक को इस्लामाबाद में अहम बैठक होनी है. अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस इसमें शामिल होने पहुंच गए हैं. इस्लामाबाद में हो रही बैठक पर दुनियाभर की नजर है. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने इस बातचीत से पहले ईरान को धमकी दी है. उन्होंने ईरान के पास थोड़े समय के लिए समुद्री रास्तों पर जबरदस्ती वसूली के अलावा कोई दांव नहीं है. वे इसलिए जिंदा है, ताकि बातचीत कर सकें.
इस्लामाबाद में ईरान और अमेरिका के डिलिगेशन पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से अलग-अलग बातचीत करेंगे. इन शुरुआती मुलाकातों को औपचारिक बातचीत से पहले की कूटनीतिक शिष्टाचार मुलाकात माना जा रहा है. बैठक के दोनों देश सीधे बातचीत के बजाय मध्यस्थ के जरिए बातचीत करेंगे.
यह भी पढ़ें: इजरायल पर सीजफायर का दबाव बढ़ा, क्या हिजबुल्लाह पर हमले रोकेंगे PM बेंजामिन नेतन्याहू?
पाकिस्तान में कर्फ्यू जैसा माहौल
इस्लामाबाद में आज होने वाली बैठक के चलते आम तौर पर व्यस्त रहने वाली सड़क पर सन्नाटा छाया हुआ है. सुरक्षा बलों ने शहर के कई अहम रास्तों को सील कर दिया है. लोगों से घरों के अंदर रहने की अपील की गई. शहर में कर्फ्यू जैसा माहौल नजर आ रहा है. सड़कों पर कंटेनर और बैरिकेड्स लगाए गए हैं और बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है.



