India-US Trade Deal: राज्यसभा में विपक्षी सांसदों द्वारा भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का मुद्दा उठाने पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने पलटवार किया. उन्होंने कहा कि कल देर रात अमेरिकी राष्ट्रपति ने टैरिफ पर ट्वीट किया और पीएम मोदी को सच्चा दोस्त बताया. इसके बाद, पीएम ने ट्वीट करके अमेरिकी राष्ट्रपति को धन्यवाद दिया और व्यापार के बारे में बात की. सरकार इस व्यापार समझौते पर खुद से एक बयान जारी करेगी और इस पर चर्चा भी करेगी. जब सरकार विस्तार से बयान देने के लिए तैयार है, तो कांग्रेस और INDI गठबंधन का यह रवैया गलत है. यह उनकी निराशा है जो बोल रही है.
“टैरिफ के मुद्दे सुलझ गए हैं”
केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा कि यह हमारे देश के लिए, और खासकर हमारे प्रधानमंत्री के लिए एक बड़ी उपलब्धि है. धैर्य, कूटनीति और महीनों की बातचीत से हम एक बार फिर ग्लोबल मंच पर सेंटर स्टेज पर आ गए हैं. अमेरिका के साथ हमारे लंबे समय से चले आ रहे टैरिफ के मुद्दे सुलझ गए हैं और यूरोपियन यूनियन के साथ एक महत्वपूर्ण विदेश व्यापार समझौता हुआ है, जिसे ‘सभी समझौतों की जननी’ कहा जा रहा है.
यह भी पढ़ें: “उनकी निराशा है…” भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर विपक्षी सांसदों ने खड़े किए सवाल तो जेपी नड्डा ने किया पलटवार
“भारत के किसान का क्या होगा”
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि अमेरिका के कृषि मंत्री ने कहा है इस ट्रेड डील में अमेरिका का सारे खेती उत्पाद जीरो ड्यूटी पर भारत में बेचे जाएंगे. देश के किसान के लिए इससे बड़ा विश्वासघात हो ही नहीं सकता. अब अमेरिका की कपास बिना ड्यूटी के भारत में बिकेगी. वहां का मक्का, गेंहू, डेयरी उत्पाद, बादाम, अखरोट, पिस्ता यहां बिकेंगे. भारत के किसान का क्या होगा? क्या सरकार नहीं जानती की भारत वहां के कृषि और दुग्ध उत्पाद पर इसलिए बैन लगाते हैं कि हम अपने किसानों का संरक्षण करना चाहते हैं.



