Home Minister Amit Shah : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने MP दौरे में कहा कि मध्य प्रदेश को नशामुक्त करेंगे। शाह ने कहा कि 31 दिसंबर 2029 के बाद आपके बेटे बेटी के लिए मध्य प्रदेश में नशे की जगह नहीं होगी। शाह ने भोपाल के भेल दशहरा मैदान में नए आपराधिक कानूनों पर लगी मध्य प्रदेश पुलिस की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। शाह ने कहा- अंग्रेजों के बनाए कानून अपनी सरकार को प्रशासन को बचाने के लिए थे। अब जो कानून आए हैं वो भारत के नागरिकों के सम्मान, संपत्ति और शरीर की रक्षा करने के लिए है। इसका मूल मंत्र न्याय है दंड नहीं।
पुलिस अधिकारियों से बैठक
शाह केंद्र और राज्य के पुलिस अफसरों के साथ दो घंटे बैठक की। भौंरी में भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान अत्रि परिसर का शिलान्यास और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण भी किया।
कांग्रसी विरोध करते हैं, मैं हिसाब देने आया हूं
शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा- कांग्रेसी हमारा विरोध करते हैं। मैं आज उनको हिसाब देने आया हूं। आपने 75 साल में देश में दूध का कुल उत्पादन 14 करोड़ 7 लाख टन पहुंचाया था। मोदी जी ने 10 साल में 25 करोड़ तक पहुंचाने का काम किया है। ये इसलिए होता है कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारें लगन से काम कर रही हैं। प्रति व्यक्ति दूध उत्पादन 2014-15 में 307 ग्राम था, अब 58 प्रतिशत बढ़कर 485 ग्राम पर पहुंच गया है। हमारा देश दुनियाभर में सबसे ज्यादा दूध उत्पादन करने वाला देश बना है। इसमें पहले 5 राज्य- उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र बीजेपी शासित ही हैं।
लखपति गोपालक दीदियों का सम्मान किया
गृह मंत्री अमित शाह ने 11 जिलों के करीब 35 हजार गोपालकों के सम्मेलन में गोशालाओं को 101 करोड़ रुपये दिए। उज्जैन में बन रहे 255 करोड़ के डेयरी प्लांट का वर्चुअली भूमिपूजन किया। उन्होंने भोपाल की लखपति गोपालक दीदी शशि बाई समेत पांच लखपति दीदियों को सम्मानित किया। डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के दो स्वीकृति पत्र दिए गए।
सेक्स शॉर्टेड सीमन से बछड़ा नहीं, बछड़ी ही होगी
गृह मंत्री शाह ने कहा- भोपाल में 12 करोड़ की लागत से केंद्रीय प्रयोगशाला बनाई गई। शिवपुरी में मिनी डेयरी प्लांट बनाया जाएगा। मैंने मोहन यादव जी से 50 एकड़ भूमि मांगी थी। इन्होंने सहमति दे दी है। इसमें गोवंश और भैंस की नस्ल सुधार का काम होगा। इसके बाद गोमाता बीमारी नहीं होगी, ज्यादा दूध देगी और देशी नस्ल का संवर्धन होगा। सेक्स शॉर्टेड सीमन से बछड़ा नहीं होगा, बछड़ी ही आएगी। दूध का उत्पादन 50 लाख लीटर ले जाने का काम मोहन यादव सरकार करेगी।
नए कानून का मंत्र न्याय है, दंड नहीं
गृह मंत्री शाह ने कहा कि आज नए आपराधिक कानून पर लगी प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। एमपी की जनता को आश्वस्त करना चाहता हूं कि हमारी न्याय व्यवस्था तारीख पर तारीख के तानों से जानी जाती थी, लेकिन एक डेढ़ साल के बाद अब कोई भी एफआईआर कराए सुप्रीम कोर्ट तक दोषी को तीन साल में सजा दिलाने का काम होगा। अंग्रेजों के बनाए हुए कानून अपनी सरकार को प्रशासन को बचाने के लिए थे। अब जो कानून आए हैं वो भारत के नागरिकों के सम्मान, संपत्ति और शरीर की रक्षा करने के लिए है। इसका मूल मंत्र न्याय है दंड नहीं।
यह भी पढ़ें –राहुल गांधी का ‘सत्याग्रह’ पहल, बोले- संसद से सड़क तक लड़ रहे लोगों के साथ, जुड़ने की अपील
यह भी देखें- जयपुर के जनाना अस्पताल की नई IPD पर उठे बड़े सवाल, मरीजों ने बताई बदहाल व्यवस्था



