PNB : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की करेंसी चेस्ट में करीब 17 करोड़ रुपए के नकली नोट मिले हैं। बैंक ऑडिट के दौरान यह मामला सामने आया। इसके बाद मंगलवार सुबह 8 बजे आरबीआई के 6 अफसर दो गाड़ियों से पहुंचे। 4 घंटे से बैंक के अंदर हैं। सूत्रों के मुताबिक बैंक कर्मचारियों से पूछताछ कर रहे हैं। इस मामले में अब तक 3 अफसरों को सस्पेंड किया गया है। पीएनबी मेरठ के चीफ मैनेजर और जांच अधिकारी अरुण कुमार चौबे की शिकायत पर तीन अफसरों समेत 4 लोगों के खिलाफ केस भी दर्ज किया गया है।
जयपुर भेजी रकम में 4.30 लाख रुपए कम मिले
सहारनपुर की घंटाघर स्थित पीएनबी ब्रांच से जयपुर भेजी गई रकम में कमी मिलने के बाद मामले का खुलासा हुआ। कुछ दिन पहले इसी बैंक शाखा में पार्टटाइम हाउसकीपर विशाल कुमार को करेंसी चेस्ट (खजाने) में 11.50 करोड़ रुपए की नोटों की गड्डियां व्यवस्थित करने का काम दिया गया था। इनमें गले, कटे और दूसरे तरह के नोट शामिल थे। बैंक को यह रकम आरबीआई के जयपुर करेंसी चेस्ट भेजनी थी। तय प्रक्रिया के तहत रकम 5 अगस्त को जयपुर भेजी गई। वहां नोटों की गिनती हुई तो 4 लाख 30 हजार 900 रुपए कम मिले। जयपुर करेंसी चेस्ट से इसकी जानकारी मेरठ पीएनबी के अधिकारियों को दी गई।
CCTV फुटेज में नोट निकालता दिखा हाउसकीपर
पीएनबी ने मेरठ के चीफ मैनेजर अरुण कुमार चौबे को जांच के लिए सहारनपुर भेजा। उन्होंने बैंक अफसरों के साथ करेंसी चेस्ट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें पार्टटाइम हाउसकीपर विशाल कुमार नोटों की गड्डियों से रुपए निकालता हुआ दिखाई दिया। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद बैंक ने विशाल कुमार को काम से हटा दिया। साथ ही उसके खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया।
9 अगस्त से शुरू हुआ करेंसी चेस्ट का ऑडिट
जानकारी के अनुसार हाउसकीपर से जुड़ी गड़बड़ी सामने आने के बाद बैंक ने 9 अगस्त से करेंसी चेस्ट का ऑडिट शुरू कराया। जांच टीम ने चेस्ट में मौजूद नकदी और रिकॉर्ड का मिलान किया। ऑडिट के दौरान बड़ी गड़बड़ी सामने आई। करेंसी चेस्ट में रखी रकम की जांच की गई तो 17 करोड़ रुपए के नकली नोट मिले। इतनी बड़ी मात्रा में नकली नोट मिलने से बैंक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। इसके बाद जांच अधिकारी ने करेंसी चेस्ट से जुड़े अधिकारियों से पूछताछ की। सीनियर डिवीजनल मैनेजर रवि कुमार कांसे, करेंसी चेस्ट मैनेजर सुशील कुमार और यमुनानगर-जगाधरी (हरियाणा) में तैनात करेंसी चेस्ट मैनेजर अमित कुमार से सवाल किए गए। तीनों से नकली नोटों के करेंसी चेस्ट तक पहुंचने और वहां रखे जाने को लेकर जानकारी मांगी गई। जांच अधिकारी के मुताबिक, तीनों अधिकारी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद बैंक के सीनियर अफसरों को मामले की जानकारी दी गई।
बैंक अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू
पीएनबी के दिल्ली रोड स्थित मंडल कार्यालय में तैनात सीनियर मैनेजर निशा सिंह ने बताया कि मामला सामने आने के बाद बैंक ने तीनों अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है। बैंक की ओर से विभागीय जांच भी की जा रही है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में नकली नोट बैंक की करेंसी चेस्ट तक कैसे पहुंचे। नकली नोट कब और किसके जरिए वहां रखे गए, इसमें किस-किस की भूमिका थी।
यह भी पढ़ें –पित्रोदा बोले-मुस्लिम-ईसाई, यहूदी और बौद्धों से पूछिए भारत में कैसा महसूस करते हैं ?
यह भी देखें –वार्ड 96 में जनता का गुस्सा फूटा! पानी-सीवरेज की समस्या पर नेताओं से जवाब मांग रही जनता



