Cockroach Janta Party: कॉकरोच जनता पार्टी के अभिजीत दीपके छात्रों पर हो रही कार्रवाई को लेकर प्रतिक्रिया आई है. दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान अभिजीत दीपके ने कहा कि सरकार यह सब न करे. ये बच्चे अपने भविष्य के लिए प्रदर्शन कर रहे थे. उनको कोई मजा नहीं आ रहा था, लाठियां खाई हैं, इतना सारा खून बहाकर भी अगर सरकार का मन नहीं भरा और वो ऐसे ही बच्चों को परेशान रही तो हमें दोबारा सड़कों पर उतरना होगा. बच्चों पर पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया था, इन्हें शर्म आनी चाहिए.
इससे पहले मंगलवार को भी अभिजीत दीपके ने X पर पोस्ट कर लिखा था कि- यदि पुलिस के हाथों छात्रों का उत्पीड़न जारी रहा, तो कॉकरोच जनता पार्टी जल्द ही एक बड़े शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के साथ जवाब देगी. सरकार को छात्रों को निशाना बनाना और उनके खिलाफ कथित उत्पीड़न एवं कार्रवाई तत्काल बंद करनी चाहिए.
SC के आदेश पर भी आई CJP की प्रतिक्रिया
वहीं CJP प्रवक्ता सौरव दास ने मंगलवार को X पर पोस्ट लिखा- सुप्रीम कोर्ट का राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकता. उसके आदेशों को सरकार के हित साधने का हथियार नहीं बनाया जा सकता. पूरे देश के सामने एक गंभीर और स्पष्ट आश्वासन दिया गया था, जिसका सम्मान होना चाहिए. सभी एफआईआर वापस ली जानी चाहिए. यदि कोई अपराधी खुलेआम घूम रहा था, तो पुलिस को उसके पुराने मामलों में जमानत रद्द कराने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाना चाहिए था. साथ ही यह भी जवाब देना चाहिए कि ऐसे लोग समाज में इतनी आज़ादी से कैसे घूम रहे थे.
X पोस्ट में आगे लिखा कि लेकिन सरकार इस बहाने का इस्तेमाल नए एफआईआर दर्ज कर वास्तविक और शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों को निशाना नहीं बना सकती. यदि सरकार को ऐसी छूट दी गई, तो वह निश्चित रूप से इसका दुरुपयोग करेगी. देश का युवा इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा. हम हर उस प्रदर्शनकारी के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे, जिसने युवाओं के भविष्य और एक-दूसरे के अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज़ उठाई.
यह भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर संसद के बाहर सपा सांसदों का प्रदर्शन, चंदा चोर गद्दी छोड़ के लगे नारे



