LoC : कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में आज सुबह तडके लाइन ऑफ कंट्रोल के पास घुसपैठ कर रहे संदिग्ध आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आतंकी मारे गए है। इसके बाद केरन सेक्टर के जुमागुंड इलाके में सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी है। जानकारी के मुताबिक इस घटना को घुसपैठ की कोशिश से जोड़कर देखा जा रहा है क्योंकि मुठभेड लाइन ऑफ कंट्रोल के पास हुई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अभी यह तय नहीं है कि आतंकी घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे या नहीं।
सुबह शुरू हुई मुठभेड़
सीनियर डिफेंस अधिकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 3.30 बजे जुमागुंड इलाके में एलओसी के पास सुरक्षाबलों ने संदिग्ध गतिविधि देखी। जवानों ने संदिग्धों को चुनौती दी और उन्हें रोकने की कोशिश की। इसके बाद दोनों तरफ से गोलीबारी शुरू हो गई। अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन अभी जारी है। तलाशी अभियान पूरा होने के बाद घटना से जुड़ी और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
इस महीने जम्मू-कश्मीर में आतंकियों से जुड़ी घटनाएं-
पुंछ में LoC के पास धमाका, लश्कर कमांडर सहित 4 पाकिस्तानी मारे गए
12 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में LoC के पास कृष्णा घाटी सेक्टर से जुड़े इलाके में धमाका हुआ। इसमें चार लोग मारे गए। अधिकारियों ने बताया कि वे भारत में घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे। मृतकों में लश्कर-ए-तैयबा का एक कमांडर भी शामिल था।
मेंढर सेक्टर में दो जंग लगी बारूदी सुरंगें मिलीं
12 अक्टूबर को ही पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर के बसोनी इलाके में सेना को बॉर्डर फेंस के पास दो जंग लगी बारूदी सुरंगें मिलीं। अधिकारियों के मुताबिक, ट्रैक बनाने के दौरान सुबह करीब 8:25 बजे और दोपहर 12:10 बजे इनका पता चला। सेना के विशेषज्ञों ने नियंत्रित विस्फोट के जरिए दोनों सुरंगों को नष्ट कर दिया।
यह भी पढ़ें –जयपुर में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने किया वृक्षारोपण, दीक्षा खंडेलवाल ने किया स्वागत
यह भी देखें – जयपुर से महज 18 KM दूर… विकास से कोसों दूर नांगल पुरोहितान!



