Cyclone Arnab News: बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ ने 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश और यानम के तट पर लैंडफॉल पूरा कर लिया. इस दौरान 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जबकि झोंके 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचे. भारी बारिश और तेज हवाओं से कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ. NDRF के डीआईजी एसएस सूदन के अनुसार, आंध्र प्रदेश में तीन लोगों की मौत की सूचना मिली है.
50 ट्रेनें और 21 उड़ानें रद्द
तूफान के कारण 50 ट्रेनें और विजयवाड़ा-विशाखापत्तनम एयरपोर्ट से जुड़ी 21 उड़ानें रद्द की गई हैं. आंध्र प्रदेश और ओडिशा में करीब 4 हजार साइक्लोन शेल्टर तैयार किए गए हैं. ओडिशा में 16 जिलों के स्कूल बंद रखे गए हैं, जबकि 30 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.
विशाखापत्तनम में भारी बारिश, NDRF अलर्ट
विशाखापत्तनम में करीब 18 घंटे के दौरान 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज होने की जानकारी सामने आई है. NDRF के डीआईजी एसएस सूदन ने 300 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश की भी जानकारी दी. उनके अनुसार, आंध्र प्रदेश में NDRF की 16 और अन्य राज्यों में 39 टीमें तैनात हैं. अतिरिक्त टीमों को भी आपात स्थिति के लिए तैयार रखा गया है.
सैटेलाइट तस्वीर में दिखा तूफान का विशाल घेरा
भारत के INSAT-3DS मौसम सैटेलाइट ने 28 अक्टूबर की सुबह 9:30 से 9:57 बजे के बीच चक्रवात की तस्वीरें लीं. इनमें घने बादलों का विशाल घेरा पूर्वी और दक्षिणी भारत तक फैला दिखाई दिया. मौसम विभाग के अनुसार, तूफान ने रात 2 बजे से सुबह 8 बजे के बीच तट पार किया.
यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट
आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी से बेहद भारी बारिश की आशंका है. तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में 28-29 अक्टूबर, जबकि बिहार और झारखंड में 28-30 अक्टूबर के बीच बारिश का अनुमान है. पूर्वी यूपी में 29-30 अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. विदर्भ और पूर्वी मध्य प्रदेश में भी बारिश संभव है.
कमजोर पड़ रहा तूफान, खतरा बरकरार
NDRF के आईजी नरेंद्र सिंह बुंदेला के मुताबिक, लैंडफॉल के बाद चक्रवात की तीव्रता घट रही है. इसके बावजूद भारी बारिश, जलभराव और बाढ़ का खतरा बना हुआ है. प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है.
यह भी पढ़ें: अभिनेता इमरान खान को बॉम्बे HC से बड़ी राहत, भारत छोड़ने के आदेश पर रोक


