Nirma Sucide Case : नसीराबाद के झड़वासा गांव में विवाहिता निरमा खारोल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में मंगलवार को नया मोड़ सामने आया। मृतका के परिजनों ने केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम और दुदाराम कीर के साथ अजमेर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन से मुलाकात कर न्याय की मांग की। परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की। इस पर एसपी हर्षवर्धन ने परिवार को आश्वासन दिया कि 15 दिन के भीतर जांच पूरी कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
खेत पर फांसी के मामले में दर्ज हुआ था मुकदमा
28 वर्षीय निरमा खारोल पुत्री चित्रा खारोल की पिछले दिनों उसके ससुराल झड़वासा गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद नसीराबाद सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। मृतका के पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पति, ससुर, सास और देवर समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
परिजनों का आरोप- दहेज के लिए किया जाता था परेशान
मृतका के भाई प्रधान खारोल निवासी मोतीपुरा टांटोटी ने आरोप लगाया कि उनकी बहन निरमा का विवाह करीब 14 साल पहले झड़वासा निवासी अमरचंद खारोल से हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि पति अमरचंद, ससुर गोपाल खारोल, सास कमुड़ी और देवर कालू आए दिन निरमा को परेशान करते थे। भाई का कहना है कि पति शराब पीकर मारपीट करता था और दहेज को लेकर ताने देता था।
पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाया हत्या का आरोप
परिजनों का आरोप है कि घटना वाले दिन निरमा के साथ मारपीट की गई थी और बाद में उसकी मौत की सूचना दी गई। परिवार ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है और एसपी ने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया है।
यह भी पढ़ें –अजमेर में कांग्रेस का प्रदर्शन रहा फीका, भीड़ नहीं जुटने पर उठे सवाल
यह भी देखें – शांति वाणी पर्व पर भक्ति में डूबा जैन समाज | भगवान का महाअभिषेक, क्षमा और सद्भाव का संदेश



