Avalanche : नेपाल के मनांग जिले में 7,126 मीटर ऊंचे हिमलुंग हिमाल पर हिमस्खलन से चार लोगों की मौत हुई है और 12 लोग लापता बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार हादसे के समय गाइड और उनके साथ काम करने वाले लोग एक टेंट में सो रहे थे। हिमस्खलन की चपेट में आने से टेंट बर्फ के नीचे दब गया। रविवार की रात हादसे के बाद बचाव दल ने दो शव बरामद किए हैं। खराब मौसम और उड़ान में दिक्कत के कारण पूरी टीम बेस कैंप तक नहीं पहुंच सकी। सोमवार सुबह हेलिकॉप्टर से बाकी बचावकर्मियों को बेस कैंप पहुंचाया गया।
चढ़ाई की तैयारी में जुटे थे गाइड और वर्कर
जानकारी के अनुसार जिस टेंट पर हिमस्खलन गिरा, उसमें कुल 22 लोग मौजूद थे। इनमें 9 पर्वतारोही और 13 लोग सपोर्ट स्टाफ के थे। ये लोग आने वाले पर्वतारोहण सीजन की तैयारी के लिए वहां पहुंचे थे। उनका काम चढ़ाई का रास्ता तैयार करना, रस्सियां लगाना और बेस कैंप तैयार करना था। हिमस्खलन के बाद 12 लोग लापता हो गए।
ऊंचे पहाड़ों की चढ़ाई के लिए हिमलुंग में ट्रेनिंग लेते हैं पर्वतारोही
हिमलुंग हिमाल 7,126 मीटर ऊंचा है और तिब्बत सीमा के पास स्थित है। यह इलाका काफी दूरदराज है, इसलिए यहां पहुंचना आसान नहीं है। एवरेस्ट और मनास्लू जैसी 8,000 मीटर से ऊंची चोटियों पर चढ़ने वाले पर्वतारोही यहां आकर कम ऑक्सीजन और ज्यादा ऊंचाई में अपने शरीर को ढालने की तैयारी करते हैं। हिमलुंग पर चढ़ाई कुछ दूसरी बड़ी चोटियों के मुकाबले कम मुश्किल मानी जाती है। फिर भी यहां पर्वतारोहियों को बर्फीली ढलानों पर फिक्स्ड रोप, जुमार और क्रैम्पॉन के साथ चढ़ने का अच्छा अभ्यास मिलता है। यानी बड़ी और ज्यादा ऊंची चोटियों पर जाने से पहले यहां चढ़ाई के जरूरी तरीकों को आजमाने का मौका मिलता है।
यह भी पढ़ें –ब्रिटेन में अमेरिकी एयरबेस के पास 5 संदिग्ध गिरफ्तार,आतंकी साजिश का शक
यह भी देखें – जयपुर अग्रवाल शिक्षा समिति चुनाव 2026 | 31 पदों पर मतदान पूरा, देर शाम आएंगे नतीजे | KBP Times



