Garba Program : महाराष्ट्र में विश्व हिंदू परिषद ने गरबा कार्यक्रम में मुस्लिमों का नहीं देने की मांग की है वहीं राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने गरबा में मुस्लिमों की एंट्री के समर्थन में बयान दिया है। मीडिया के साथ बातचीत में अमृता ने कहा – नवरात्रि और गरबा जैसे त्योहार सभी को साथ लेकर चलने वाले हैं और इनमें जाति-धर्म का भेद नहीं होना चाहिए। पहचान पत्र जांचना बहुत अच्छी प्रैक्टिस है, लेकिन धर्म के आधार पर लोगों की जांच सही नहीं है। मुझे इस मुद्दे पर पॉलिटिकल वाइफ बनाकर ट्रोल किया जा रहा है, जबकि मैं पॉलिटिकल नहीं हूं। मैं एक सोशल एक्टिविस्ट और नागरिक के तौर पर अपनी राय रखती हूं। इससे पहले अमृता ने मंगलवार को कहा था कि अगर मुस्लिम गरबा देखने आते हैं तो इसमें कुछ गलत नहीं है। अमृता पहले भी अपने बयानों या विचारों को पति की राजनीति से अलग बताती रही हैं।
वीएचपी ने गरबा में मुस्लिमों की एंट्री रोकने की मांग
गरबा में मुस्लिमों की एंट्री को लेकर अमृता का बयान ऐसे समय आया है, जब विश्व हिंदू परिषद ने महाराष्ट्र में नवरात्रि के दौरान गरबा और डांडिया आयोजनों में मुस्लिमों को प्रवेश नहीं देने की मांग की है। वीएचपी ने कहा है कि नवरात्रि देवी की पूजा का त्योहार है और इसे केवल मनोरंजन या नृत्य कार्यक्रम के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। देशभर में इस साल नवरात्रि 11 अक्टूबर से शुरू होगी।
नितेश राणे ने वीएचपी की मांग का समर्थन किया
राज्य मंत्री और भाजपा नेता नितेश राणे ने वीएचपी के रुख का समर्थन किया है। उन्होंने आरोप लगाया था कि कुछ मुस्लिम युवक हिंदू नाम बताकर गरबा आयोजनों में प्रवेश करते हैं और हिंदू लड़कियों से संपर्क कर उन्हें अपने जाल में फंसाते हैं। राणे ने इसे ‘लव जिहाद’ का खतरा बताते हुए मुस्लिमों की एंट्री रोकने की मांग की थी। उन्होंने गरबा मैदानों में प्रवेश से पहले पहचान जांचने और हनुमान चालीसा का पाठ कराने की बात भी कही थी।
अमृता सीएम को समझाएं
शिवसेना के नेता संजय राउत ने अमृता फडणवीस के बयान का समर्थन किया। उन्होंने अमृता से कहा कि वह मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उनके मंत्रिमंडल के उन नेताओं को भी समझाएं, जो इस तरह के बयान दे रहे हैं। कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने अमृता के बयान का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सभी को साथ लेकर चलने की उनकी सोच सही है। उन्होंने सवाल किया कि अगर अमृता की राय यही है तो क्या वह मुख्यमंत्री से नितेश राणे को मंत्री पद से हटाने की मांग करेंगी।
अमृता मुस्लिम कंटेंट क्रिएटर के साथ रील बनाने पर भी ट्रोल हुई थीं
इससे पहले अमृता फडणवीस ने जनवरी 2023 में सोशल मीडिया क्रिएटर रियाज अली के साथ रील शेयर की थी। इसमें वे ‘तेरे नाल ही नचणा वे’ गाने पर डांस करती नजर आईं। इस पर कुछ यूजर्स ने रियाज के साथ अमृता के वीडियो बनाने पर सवाल उठाए थे, साथ ही सरकारी आवास में वीडियो शूट करने पर भी आपत्ति जताई थी।
सख्त कानून बनाए जा रहे
गरबा आयोजनों में ‘लव जिहाद’ के मामले सामने आने के दावों पर अमृता ने कहा कि अगर ऐसा कोई मुद्दा है तो इस पर विचार करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में सख्त कानून बनाए जा रहे हैं और इससे भी कड़े कानून बनने चाहिए।
जरांगे को भाई बताया, घर पर खाने का न्योता दिया
मनोज जरांगे पाटील के बारे में पूछे जाने पर अमृता ने कहा- जरांगे पाटील जी मेरे भाई हैं और मैं उन्हें अपने घर पर खाना खाने के लिए बुलाती हूं। जरांगे पिछले 13 दिनों से जालना के अंतरवाली सराटी गांव में मराठा समुदाय को ओबीसी के तहत आरक्षण देने की मांग को लेकर भूख हड़ताल कर रहे हैं। वह हैदराबाद और सातारा गजट के रिकॉर्ड लागू करने और पात्र मराठा लोगों को कुनबी जाति प्रमाणपत्र देने की मांग भी कर रहे हैं।


