CJP : जयपुर के बगरु क्षेत्र में रामपुरा गांव में एक बाडे में चल रहे सरकारी स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचने पर सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रांका और उनके साथियों पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। बताया जाता है कि हमला करने वाले लोग स्थानीय रामपुरा गांव के ग्रामीण थे जबकि रांका का कहना है कि भाजपा के कार्यकर्ताओं ने हमला किया है। रांका शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे बगरू रामपुरा गांव के राजकीय प्राथमिक स्कूल रामपुरा कंवरपुरा का निरीक्षण करने पहुंचे थे। तभी वहां उपस्थित भीड ने उन्हें पीटकर वहां से खदेड़ दिया। उनकी गाड़ियों पर भी पथराव किया गया। रांका के साथ मौजूद महिला समर्थकों पर गांव की महिलाओं ने मिट्टी फेंकी।
भाजपा पर आरोप
सीजेपी प्रवक्ता रांका ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर मारपीट का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि हमले में गाड़ियों के शीशे और मोबाइल तोड़े गए, एक महिला से मारपीट हुई और उनकी शर्ट फाड़ दी गई। टीम के एक सदस्य का हाथ फ्रैक्चर हुआ है। रांका ने अपने बयान में कहा, आज पूरे देश ने भाजपा की गुंडागर्दी लाइव देखी है। ये शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के कहने पर हुआ है। 48 घंटे का अल्टीमेटम दे रहे हैं। हमलावरों की गिरफ्तारी हो और स्कूल निरीक्षण रोकने का आदेश वापस लिया जाए। ऐसा नहीं हुआ तो पूरे राजस्थान में आंदोलन करेंगे और दिलावर के इस्तीफे की मांग करेंगे।
जर्जर बिल्डिंग के कारण स्कूल बंद, टीनशेड के नीचे पढ़ रहे बच्चे
बता दें कि रामपुरा गांव के सरकारी स्कूल की बिल्डिंग जर्जर हो गई है। स्कूल को बच्चों के लिए बंद कर दिया गया है। छत पर लोहे के एंगल लगाए गए हैं। स्कूल को 50 मीटर दूर एक बाड़े में शिफ्ट कर दिया गया है। बच्चे टीनशेड के नीचे पढ़ाई कर रहे हैं। बच्चे जहां पढ़ रहे हैं, उसके पास पशुओं का चारा भरा है। दीवारों की ईंटें गिर गई हैं।
यह भी पढ़ें -होमवर्क ना करने पर टीचर ने मारा थप्पड़, छह साल के छात्र प्रणय तेजा की हार्टअटैक से मौत
यह भी देखें-जयपुर स्कूल विवाद: CJP नेता का विरोध, मौके पर भारी हंगामा और पथराव!



