Haryana News: हरियाणा के हांसी में आज (15 अगस्त) बड़ा बवाल देखने को मिला. मुख्यमंत्री नायब सैनी का ध्वजारोहण रोकने जा रहे किसानों और पुलिस के बीच टकराव हो गया. इस दौरान लाठीचार्ज में कई किसानों के सिर फूट गए. गुस्साएं किसानों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, पत्थर लगने से हांसी एसपी विनोद कुमार और एक डीएसपी घायल हो गए.
हांसी एसपी विनोद कुमार ने हाथ पर रुमाल बांधकर खून रोका. इसके बाद पुलिस की तरफ से भी पत्थबाजी की गई. पत्थबाजी में कई किसान घायल हुए हैं, एक किसान का सिर भी फूट गया. वहीं विरोध करने आई कई महिलाएं दुकानों के अंदर छुप गई. पुलिस ने लाठीचार्ज कर किसानों को खदेड़ दिया. घटना के बाद हांसी के राजकीय कॉलेज में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा बढ़ा दी गई.
क्यों प्रदर्शन कर रहे थे ग्रामीण?
बताया जा रहा है कि हिसार में 4 अगस्त को डेयरी संचालक जीवन कुंडू की हत्या कर दी गई थी. हत्या का मुख्य आरोपी रमेश अभी फरार है जिसकी गिरफ्तारी के लिए ग्रामीण प्रदर्शन कर रहे थे. वहीं पुलिस अभी तक इस मामले में 9 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है. रमेश पर 50 हजार का इनाम घोषित किया गया है. शुक्रवार को दो और आरोपियों विवेक और सुमित उर्फ सूती खान को गिरफ्तार किया गया है. इससे पहले भानु कुमार, गजेंद्र उर्फ गज्जू पंडित और साहिल समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है.
कल किसानों ने बंद किए थे टोल प्लाजा
जीवन कुंडू की हत्याकांड मामले को लेकर शुक्रवार को किसानों और खाप प्रतिनिधियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र में 7 प्रमुख टोल प्लाजा को करीब 3 घंटे तक बंद रखा था. इस दौरान हिसार के लांधड़ी, चौधरीवास, अग्रोहा, हांसी में रामायण, बास और रोहतक में मकड़ौली व चांदी टोल बंद किए गए थे.
यह भी पढ़ें: इंडोनेशिया में सुबह 7.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, कई इमारतें गिरीं, 2 की मौत



