JSA : राजस्थान की सिल्वर इंडस्ट्री (JSA) को वैश्विक पहचान दिलाने और व्यवसाय बढाने के उद्देश्य से जयपुर में नवंबर माह में जेसीए शो का आयोजन किया जाएगा। इस सिल्वर शो का पोस्टर मंगलवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने लॉन्च किया। यह शो 22 से 24 नवंबर 2026 तक बिड़ला ऑडिटोरियम, जयपुर में आयोजित होगा।
10 हजार से ज्यादा बी2बी बायर्स एवं विजिटर्स होंगे शामिल
एसोसिएशन के चेयरमैन उज्ज्वल डेरेवाला के अनुसार तीन दिवसीय इस आयोजन में देश-विदेश से 250 से अधिक एग्जीबिटर्स और 10 हजार से ज्यादा बी2बी बायर्स एवं विजिटर्स शामिल होंगे। इस शो का उद्देश्य जयपुर और राजस्थान की सिल्वर इंडस्ट्री को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना, व्यापार को बढ़ावा देना और स्थानीय कारीगरों को बड़ा बाजार उपलब्ध कराना है।
देश-विदेश के खरीदार आएंगे राजस्थान
एसोसिएशन सेक्रेटरी राहुल जैन के अनुसार अब तक राजस्थान के सिल्वर कारोबारी अपने उत्पादों के प्रदर्शन और व्यापार के लिए दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु सहित अन्य राज्यों में जाते रहे हैं। पहली बार जयपुर में इस स्तर का सिल्वर शो आयोजित होने से देश-विदेश के खरीदार सीधे राजस्थान आएंगे। इससे प्रदेश में निवेश बढ़ेगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और स्थानीय सिल्वर उद्योग को दीर्घकालिक व्यापारिक लाभ मिलेगा।
स्थानीय कारीगरों को भी मिलेगा वैश्विक मंच
शो के कन्वीनर अरुण गर्ग के अनुसार यह आयोजन केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि राजस्थान की पारंपरिक सिल्वर कारीगरी, हस्तशिल्प और स्थानीय कारीगरों को वैश्विक मंच देने की पहल है। साथ ही सिल्वर ज्वेलरी के बढ़ते बाजार का लाभ जयपुर के जेमस्टोन और जेम्स एंड ज्वेलरी उद्योग को भी मिलेगा, जिससे निर्यात को नई गति मिलने की उम्मीद है। पोस्टर विमोचन के दौरान शो के कन्वीनर अनीता ढींगरा, कोषाध्यक्ष दीपेश गोयल, निशांत विजयवर्गीय और कुशाल खूंटेटा मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें –“विदेशी फंडिंग हो रही थी तो आपने समझौता क्यों किया…” टीकाराम जूली का मदन राठौड़ के बयान पर पलटवार
यह भी देखें – 30 साल पुरानी कॉलोनियों पर JDA का शिकंजा, बुलडोजर के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा


