Student Celebration : जयपुर के शहीद स्मारक पर बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद जश्न मनाया। बड़ी संख्या में छात्रों ने नाच-गाकर अपनी खुशी का इजहार किया। इससे पहले छात्रों का धरना प्रदर्शन जवाहर सर्किल पर चल रहा था। वहां से पुलिस ने उन्हे शहीद स्मारक पर धरने की परमिशन दे दी थी और बडी संख्या में छात्र और युवा जवाहर सर्किल से शहीद स्मारक पर पहुंच गए थे।
जोधपुर में छात्रों ने मनाया जश्न
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद जोधपुर कलेक्ट्रेट के बाहर स्टूडेंट्स ने जमकर जश्न मनाया। छात्रों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरकते हुए अपनी खुशी जाहिर की। हालांकि, जश्न के बीच छात्रों ने साफ कर दिया है कि यह लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। छात्र नेताओं ने कहा- यह उनके संघर्ष की केवल शुरुआत है और जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं हो जाती, तब तक उनका धरना और आंदोलन लगातार जारी रहेगा।
जयपुर में शहीद स्मारक पर धरना खत्म
अब ताजा जानकारी के मुताबिक जयपुर के शहीद स्मारक पर छात्रों का धरना खत्म हो गया है। छात्र यहां से जाना शुरू हो गए हैं। वहीं एनएसयूआई के कुछ कार्यकर्ता पहुंचे हैं। इनकी मांग है कि सरकार धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मंजूर करें। पुलिस इन्हें हटाने की कोशिश कर रही है। बता दें कि नीट समेत प्रदेश की अलग-अलग प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के विरोध में छात्रों और युवाओं में गुस्सा है। राजस्थान यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट पर छात्र नेता शुभम रेवाड़ भी 3 दिन से भूख हड़ताल पर बैठे हैं।
सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की
राजधानी में बढ़ते प्रदर्शन के मद्देनजर राज्य सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास और डीजीपी राजीव शर्मा ने सभी जिला कलेक्टर्स और एसपी को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखने, प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों पर नजर बनाए रखने और किसी भी संभावित कानून-व्यवस्था की स्थिति से तत्काल निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम करने को कहा गया है।
संभावित प्रदर्शन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस लगाई
पुलिस प्रशासन ने भी राजधानी के संवेदनशील इलाकों, राजस्थान यूनिवर्सिटी, जवाहर सर्किल और अन्य संभावित प्रदर्शन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि प्रदर्शन के दौरान शांति व्यवस्था बनी रहे और किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
यह भी पढ़ें –जयपुर में छात्र आंदोलन का असर, प्रदर्शनों को देखते हुए पुलिस-प्रशासन अलर्ट
यह भी देखें –बालमुकुंद आचार्य का सबसे बेबाक इंटरव्यू | राम मंदिर आंदोलन पर खुलकर बोले BJP विधायक | KBP Times


