UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने है. उससे पहले राजनीतिक पार्टियां सियासी बिसात बिछाने में जुट गई है. इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान के बयान ने प्रदेश की सियासत में हलचल बढ़ गई है. दरअसल, आज रविवार को लखनऊ में रामविलास पासवान की जयंती मनाई जा रही है. पहली बार ऐसा हुआ है कि लोजपा (रामविलास) बिहार से बाहर कोई बड़ा कार्यक्रम आयोजित कर रही है. इसी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चिराग पासवान ने यूपी की धरती से चुनावी हुंकार भरने का ऐलान कर दिया है. चिराग के ऐलान के बाद यूपी के सियासी समीकरण पूरी तरह बदलने के आसार नजर आने लगे हैं.
“संगठन को मजबूती देने का काम कर रहे हैं”
मीडिया से बातचीत के दौरान चिराग पासवान ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी(रामविलास)ने आज पहली बार हमारे नेता रामविलास पासवान का जयंती दिवस समारोह बिहार में न मनाकर उत्तर प्रदेश में मनाने का काम कर रहे हैं. सोच मेरे नेता के विचारों और सिद्धांतों को देश के कोने-कोने तक ले जाने की है.चुनावी वर्ष है. 2027 में यहां विधानसभा चुनाव होने हैं.निश्चित तौर पर पार्टी चाहती है कि हमारी तैयारी इतनी अच्छी हो कि हमारी पार्टी उत्तर प्रदेश में विधानसभा का चुनाव लड़ सके. संगठन को मजबूती देने का काम कर रहे हैं.गठबंधन को लेकर अंतिम फैसला राज्य इकाई द्वारा ही किया जाएगा.
“अंतिम मुहर पार्टी का केंद्रीय संसदीय बोर्ड लगाएगा”
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश संगठन की तरफ से आने वाली रिपोर्ट और प्रस्ताव पर अंतिम मुहर पार्टी का केंद्रीय संसदीय बोर्ड लगाएगा. वहीं कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान चिराग ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस ने यहां भाई को भाई से लड़ाने का काम किया. हम ऐसा नहीं होने देंगे. हम समाज को एकता के सूत्र में बांधेंगे. उन्होंने कभी समाज को जोड़ने की नहीं सोची, जबकि हमने हमेशा समाज को जोड़ने का काम किया.
चिराग पासवान के ऐलान के बाद इस बात की पुरजोर चर्चा है कि एनडीए का सहयोगी दल होने के नाते वे बीजेपी के साथ मिलकर चुनाव लड़ सकते हैं. जिससे सूबे में दलित और पासी-पासवान वोट बैंक का समीकरण एनडीए के पक्ष में झुक सकता है. वहीं लोजपा (रामविलास) की एंट्री से समाजवादी पार्टी और बसपा के रणनीतिकारों को नए सिरे से सोचने पर मजबूर कर दिया है.
यह भी पढ़ें: Bankipur Bypoll: BJP के गढ़ में सीधी चुनौती देने के लिए उतरेंगे प्रशांत किशोर, बांकीपुर सीट से होगा सियासी डेब्यू



