Bankipur By-Election: बिहार में आगामी विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई है. बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाला उपचुनाव अब और ज्यादा दिलचस्प होने वाला है. दरअसल, बिहार जनसुराज अध्यक्ष मनोज भारती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बांकीपुर सीट पर उम्मीदवार के तौर पर प्रशांत किशोर के नाम का ऐलान किया है. बता दें कि 30 जुलाई को बांकीपुर उपचुनाव के लिए मतदान होना है और 3 अगस्त को वोटों की गिनती होगी.
“जनता का आर्शीवाद मिला तो जीतेंगे”
बांकीपुर सीट से प्रत्याशी घोषित किए जाने पर प्रशांत किशोर ने पार्टी का धन्यवाद करते हुए कहा कि मैं जिम्मेदारी को स्वीकार करता हूं. मैं मजबूती से बांकीपुर चुनाव लडूंगा. जनता का आर्शीवाद मिला तो जीतेंगे और उनकी उम्मीदों पर खरा उतरेंगे, विधानसभा में जनता की आवाज उठाएंगे. उन्होंने कहा कि मौजूदा बांकीपुर सीट पर उपचुनाव मौजूदा सरकार की परीक्षा है, जनता क्या निर्णय लेती है यह देखना है. बांकीपुर के लोगों से कहना है कि जो उम्मीदवार काम करने वाला हो उसको ही वोट करें चाहे वो जो भी हो. इस उपचुनाव से सरकार तो नहीं बदलेगी लेकिन बिहार की राजनीति को एक नई दिशा मिल सकती है.
बीजेपी का गढ़ रही है बांकीपुर सीट
बता दें कि बांकीपुर सीट बीजेपी का गढ़ रही है. वर्तमान में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इस सीट से विधायक रह चुके हैं. उनके राज्यसभा जाने के बाद बांकीपुर सीट पर उपचुनाव कराना जरूरी हो गया है. साल 2025 में हुए विधानसभा चुनाव में प्रशांत किशोर ने चुनाव न लड़ने का फैसला किया, उन्होंने कहा था कि वे पार्टी को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहते हैं. इसके बावजूद 2025 के चुनाव में उनकी पार्टी जनसुराज अपना खाता भी नहीं खोल पाई थी. महज उसे 4 प्रतिशत के करीब वोट मिले थे. वहीं अब प्रशांत किशोर को बांकीपुर सीट से उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद उपचुनाव की पूरी तस्वीर बदल गई है.जनसुराज कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है.आने वाले दिनों में इस सीट पर प्रचार अभियान को तेज करने की रणनीति भी बनाई जाएगी.
यह भी पढ़ें: Aamir khan wedding: आमिर खान ने गौरी स्प्रैट संग रचाई तीसरी शादी, सामने आई फर्स्ट वेडिंग फोटो



