Garments Exporters : राजस्थान को अगले चार वर्षो में कई हजार करोड के गारमेंट निर्यात करने की जिम्मेदारी मिली है। केंद्र सरकार ने साल 2030 तक देश से गारमेंट एवं टेक्सटाइल निर्यात को 8 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। यह जानकारी केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय की टेक्सटाइल कमेटी के सचिव कार्तिकेय ढांडा ने एसोसिएशन ऑफ गारमेंट एक्सपोर्टर्स सीतापुरा जयपुर (एजिस) और वस्त्र समिति की ओर से आयोजित निर्यातकों के संवाद कार्यक्रम में दी।
जयपुर के गारमेंट निर्यातकों की भूमिका
कार्तिकेय ढांडा ने कहा कि इस महत्वाकांक्षी लक्ष्य को हासिल करने में राजस्थान, विशेषकर जयपुर के गारमेंट निर्यातकों की अहम भूमिका होगी। उन्होंने निर्यातकों से केंद्र सरकार द्वारा 30 से अधिक देशों के साथ किए गए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। साथ ही विभिन्न निर्यात प्रोत्साहन योजनाओं और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक अवसरों की भी जानकारी दी। कार्यक्रम में वस्त्र समिति के उपनिदेशक गोविंद प्रसाद और जे. परमेश्वरन ने निर्यातकों को सरकार की विभिन्न सुविधाओं और योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।
समस्याओं की जानकारी
एजिस के अध्यक्ष डॉ. दिनेश गुप्ता और महासचिव सिद्धार्थ गधैया ने बताया कि संवाद कार्यक्रम के दौरान निर्यातकों ने स्किल्ड लेबर की कमी, कच्चे माल के आयात में आने वाली दिक्कतों और कस्टम से जुड़ी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। अधिकारियों ने इन मुद्दों को केंद्र सरकार तक पहुंचाने और समाधान के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में एजिस के संरक्षक राजीव दीवान, दलपत लोढ़ा, कोषाध्यक्ष हरीश पंजाबी, असीम सिहला, आरिफ कागजी, मौनू करनानी सहित बड़ी संख्या में गारमेंट निर्यातक मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : Gold Silver Rate Today: अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगातार चौथे हफ्ते टूटा सोना, घरेलू बाजार में बढ़े दाम
यह भी देखें: जयपुर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से हाहाकार | सड़कों पर कचरे का अंबार | KBP Times



