Messi : अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने बुधवार को फुटबॉल वर्ल्ड कप की पहली हैट्रिक लगा दी है। यह वर्ल्ड कप में मेसी की पहली हैट्रिक भी है। अमेरिकी शहर कैनसस सिटी के एरोहेड स्टेडियम में खेले गए मैच में मेसी ने अल्जीरिया के खिलाफ 17वें, 60वें और 76वें मिनट में गोल दागे। वे 78 मिनट के बाद मैदान से बाहर चले गए। मेसी के इस दमदार प्रदर्शन से अर्जेंटीना ने ग्रुप-जे के मुकाबले में अल्जीरिया को 3-0 से हराया। मेसी अब तक 11 इंटरनेशनल हैट्रिक लगा चुके हैं। मेसी ने फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा 16 गोल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। यह रिकॉर्ड जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोज के नाम था।
5 वर्ल्ड कप में गोल करने वाले दूसरे खिलाड़ी
मेसी 5 अलग-अलग वर्ल्ड कप में गोल करने वाले दुनिया के दूसरे फुटबॉलर बने हैं। पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो भी यह कारनामा कर चुके हैं।
मेसी ने 200वां मैच खेला
मेसी ने अल्जीरिया के खिलाफ शुरुआती मिनटों में गोल कर मौजूदा चौंपियन अर्जेंटीना को 1-0 की बढ़त दिलाई। यह मुकाबला मेसी के इंटरनेशनल करियर का 200वां मैच भी था। उनका इंटरनेशनल करियर 2005 में 18 वर्ष की उम्र में शुरू हुआ था। उनसे ज्यादा मैच केवल पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो और कुवैत के बदर अल-मुतावा ने खेले हैं।
ऑफ साइड के कारण 2 गोल रद्द
अर्जेंटीना-अल्जीरिया मुकाबले की शुरुआत तेज रही। मेसी और अल्जीरिया के फारिस शाइबी, दोनों के गोल ऑफसाइड के कारण रद्द कर दिए गए। इसके बाद मेसी ने 30 गज दूर से गेंद हासिल की, डिफेंडर को छकाया और शानदार कर्लिंग शॉट लगाकर अर्जेंटीना को बढ़त दिला दी। पहले हाफ में अल्जीरिया ने अर्जेंटीना को ज्यादा मौके नहीं दिए। हालांकि, एलेक्सिस मैक एलिस्टर का एक हेडर क्रॉसबार के ऊपर चला गया। दूसरी ओर अल्जीरिया के अनिस हद्ज मौसा ने भी मौका बनाया, लेकिन गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज ने आसानी से उसे रोक लिया।
दूसरे हाफ में छाए मेसी, 3 गोल दागे
ब्रेक के बाद मेसी लगातार अर्जेंटीना के हमलों का केंद्र बने रहे। पहले उन्होंने दूर से शॉट लगाया और फिर लाउतारो मार्टिनेज को शानदार पास दिया। उनका दूसरा गोल तब आया जब मैक एलिस्टर के तेज शॉट को गोलकीपर लुका जिदान पूरी तरह नियंत्रित नहीं कर सके। मेसी ने मौके का फायदा उठाते हुए रिबाउंड पर गेंद को गोल में पहुंचा दिया। इसके बाद उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में बॉक्स के बाहर से कर्लिंग शॉट लगाकर हैट्रिक पूरी की और स्टेडियम में मौजूद अर्जेंटीनी समर्थकों को जश्न मनाने का मौका दे दिया।
मेसी ने आज के दिन डेब्यू किया था, अब छठा वर्ल्ड कप खेल रहे हैं
मेसी अपने करियर का रिकॉर्ड छठा वर्ल्ड कप खेल रहे हैं। उन्होंने 20 साल पहले आज ही के दिन सर्बिया एवं मोंटेनेग्रो के खिलाफ मुकाबले से वर्ल्ड कप में डेब्यू किया था। हाल ही में मेसी हैमस्ट्रिंग की मामूली चोट से जूझ रहे थे, लेकिन टूर्नामेंट से पहले आइसलैंड के खिलाफ अभ्यास मैच में उन्होंने वापसी के संकेत देते हुए पेनल्टी पर गोल किया था।
यह भी पढें : सुपर ओवर में श्रीलंका-ए ने भारत-ए को छह रन से हराया, मैच के बाद सूर्यवंशी ने श्रीलंकाई खिलाड़ी को दिया धक्का
यह भी देखें: चुनाव में वादे, बाद में भूल गए नेता? बिलोंची गांव की समस्याओं ने खोली विकास की पोल | KBP Times



