Jaipur News: जयपुर के अपार्टमेंट के पोर्च में शनिवार को एक नाबालिग छात्रा का शव मिलने से सनसनी फैल गई. मौके से छात्रा की चप्पल और चश्मा बरामद हुए हैं. परिजनों ने अपहरण कर हत्या का आरोप लगाया है,जबकि पुलिस सुसाइड और मर्डर दोनों एंगल से जांच कर रही है.
दरअसल, 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली 16 वर्षीय छात्रा शुक्रवार शाम को साढ़े 7 बजे के करीब साइकिलिंग करने के लिए निकली थी. देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. परिजनों ने रात करीब 10:30 बजे थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई.रिश्तेदारों और परिचितों के साथ देर रात करीब 2 बजे तक छात्रा की तलाश जारी रही.शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक अपार्टमेंट के पहले फ्लोर के पोर्च पर एक लड़की का लहूलुहान शव पड़ा है.मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान लापता छात्रा के रूप में की.
टॉप फ्लोर पर मिले चश्मा और चप्पल
पुलिस जांच के दौरान अपार्टमेंट की टॉप फ्लोर से छात्रा का चश्मा और चप्पल बरामद हुए.इसके बाद एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए.शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है. छात्रा के परिजनों का आरोप है कि साइकिलिंग के दौरान उसका अपहरण किया गया और उसे जबरन अपार्टमेंट में ले जाया गया.उनका कहना है कि चारों ओर सुरक्षा गार्ड तैनात होने के बावजूद छात्रा के अंदर पहुंचने की जानकारी किसी को नहीं हुई.परिजनों ने आरोप लगाया कि छात्रा को छत से धक्का देकर उसकी हत्या की गई.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है.शुरुआती तौर पर छत से गिरने की आशंका जताई जा रही है. मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी.साथ ही अपार्टमेंट और आसपास के CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें: “देर से ही सही, लेकिन…” मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल पर बोले केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत



