IPL 2026: कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) ने आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के मैचों से जुड़े टिकटों की कथित कालाबाजारी के मामले में खुद को पूरी तरह अलग कर लिया है. संघ ने स्पष्ट किया कि टिकटों की बिक्री या वितरण में उसकी कोई भूमिका नहीं है और इस प्रक्रिया को केवल फ्रेंचाइजी और उसके अधिकृत टिकटिंग पार्टनर्स ही संभालते हैं. KSCA ने यह भी कहा कि जांच के दायरे में आए व्यक्तियों या संस्थाओं का उससे कोई प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध नहीं है. इस बीच, बीसीसीआई ने आईपीएल 2026 का फाइनल बेंगलुरु से अहमदाबाद स्थानांतरित कर दिया है.
“खरीद, बिक्री या वितरण से कोई लेना-देना नहीं है”
आईपीएल 2026 के दौरान आरसीबी मैचों के टिकटों की कथित कालाबाजारी को लेकर उठे विवाद के बीच कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) ने अपनी स्थिति साफ कर दी है. संघ के प्रवक्ता विनय मृत्युंजय ने मीडिया रिपोर्ट्स का खंडन करते हुए कहा कि केएससीए का टिकटों की खरीद, बिक्री या वितरण से कोई लेना-देना नहीं है. आरसीबी मैचों के टिकट केवल फ्रेंचाइजी और उसके अधिकृत टिकटिंग पार्टनर्स के जरिए ही बेचे जाते हैं। केएससीए ने यह भी स्पष्ट किया कि उसे केवल सीमित संख्या में टिकट मिलते हैं, जिन्हें क्रिकेट क्लबों, स्थायी सदस्यों और कुछ सरकारी या वैधानिक संस्थाओं को वितरित किया जाता है. आम जनता को टिकट बेचने में संघ की कोई भूमिका नहीं है.
“दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की”
जांच को लेकर चल रही अटकलों पर भी केएससीए ने सख्त रुख अपनाया. बयान में कहा गया कि जांच के दायरे में आने वाले व्यक्तियों या संस्थाओं का संघ से कोई प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध नहीं है और न ही वे इसके सदस्य हैं. साथ ही, संघ ने आश्वासन दिया कि वह जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग देगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. इस पूरे घटनाक्रम के बीच एक बड़ा फैसला लेते हुए बीसीसीआई ने आईपीएल 2026 के फाइनल मैच का आयोजन स्थल बदल दिया है. पहले यह मुकाबला बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होना था, लेकिन अब इसे 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा. बीसीसीआई के अनुसार, यह बदलाव स्थानीय संघ और अधिकारियों की कुछ ऐसी मांगों के कारण किया गया, जो बोर्ड के तय दिशा-निर्देशों और प्रोटोकॉल के अनुरूप नहीं थीं.



