LPG Gas: पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि मध्य पूर्व में जारी संकट के बावजूद देश में एलपीजी और पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है. पिछले दो दिनों में रिकॉर्ड स्तर पर घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की डिलीवरी और बुकिंग दर्ज की गई है, जिससे यह संकेत मिलता है कि सप्लाई चेन सुचारू रूप से काम कर रही है. मंत्रालय ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में ईंधन की खरीदारी से बचें. साथ ही, पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए डिजिटल सिस्टम और ऑथेंटिकेशन प्रक्रिया को मजबूत किया गया है.
रिकॉर्ड डिलीवरी और डिजिटल निगरानी
मंत्रालय के अनुसार, पिछले दो दिनों में 87.28 लाख से अधिक घरेलू एलपीजी सिलेंडर वितरित किए गए, जबकि 88.82 लाख सिलेंडर की बुकिंग हुई.इनमें से करीब 95 प्रतिशत डिलीवरी उपभोक्ताओं के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेजे गए ऑथेंटिकेशन कोड के जरिए की गई, जिससे गड़बड़ी की संभावना कम हुई है.ऑनलाइन बुकिंग का प्रतिशत भी 99 तक पहुंच गया है.
छोटे सिलेंडरों और कमर्शियल बिक्री में बढ़ोतरी
इस दौरान लगभग 1.2 लाख छोटे 5 किलोग्राम वाले सिलेंडर बेचे गए. प्रवासी मजदूरों के बीच इनके उपयोग को बढ़ावा देने के लिए 10,400 से अधिक जागरूकता शिविर लगाए गए हैं. वहीं, कमर्शियल एलपीजी की बिक्री भी 15,900 मीट्रिक टन से ज्यादा रही, जो करीब 8.37 लाख 19 किलोग्राम सिलेंडरों के बराबर है.
यह भी पढ़ें: कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 994 रुपए तक महंगा, रेस्टोरेंट, कैटरिंग सेक्टर पर असर
पीएनजी कनेक्शन और सख्त कार्रवाई
देश में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन तेजी से बढ़ रहे हैं. अब तक 6.31 लाख कनेक्शन चालू हो चुके हैं, जबकि कुल क्षमता 8.98 लाख तक पहुंच गई है. कालाबाजारी रोकने के लिए 2,100 से ज्यादा छापेमारी की गई, 366 डिस्ट्रीब्यूटरों पर जुर्माना लगाया गया और 75 को निलंबित किया गया.
पर्याप्त स्टॉक, घबराहट से बचने की अपील
सरकार ने भरोसा दिलाया है कि पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सभी रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं. उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे डिजिटल माध्यम से बुकिंग करें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें.



