Update of 10th Board Exam: राजस्थान बोर्ड 10वीं के लाखों छात्रों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड जल्द ही रिजल्ट जारी कर सकता है। प्रदेशभर में छात्र-छात्राएं जिन्होने इस साल दसवीं बोर्ड की परीक्षाएं दी हैं वो बेचैनी से रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं। स्टूडेंट के अभिभावक भी अपने बच्चों द्वारा दी गई परीक्षा का रिजल्ट जल्द देखना चाहते हैं। उधर राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से कहा गया है कि रिजल्ट की तैयारी जोरो पर है और संभवतः मार्च के तीसरे सप्ताह में ही रिजल्ट घोषित किया जा सकता है।
20 मार्च को जारी हो सकता है रिजल्ट
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड कक्षा 10वीं का परिणाम जारी करने की तैयारी में है। उम्मीद है कि परिणाम 20 मार्च तक आधिकारिक वेबसाइट पर घोषित कर दिया जाएगा, जहां छात्र अपना रोल नंबर दर्ज करके आसानी से अपने अंक देख सकेंगे। फिलहाल कॉपियों का मूल्यांकन अंतिम चरण में है, जिसमें हजारों शिक्षक लगे हुए हैं। परिणाम जारी होते ही छात्र ऑनलाइन अपना स्कोर आसानी से चेक कर पाएंगे।
इतने अंक वाले होंगे पास
राजस्थान बोर्ड 10वीं की परीक्षा में पास होने के लिए विद्यार्थियों को हर विषय में कम से कम 33 प्रतिशत अंक लाने होते हैं और साथ ही कुल मिलाकर (एग्रीगेट) भी 33 प्रतिशत अंक होना जरूरी है। यदि किसी छात्र के 1 या 2 विषयों में 33 प्रतिशत से कम अंक आते हैं, तो उसे सप्लीमेंट्री परीक्षा देने का अवसर दिया जाता है, लेकिन यदि 2 से अधिक विषयों में 33 प्रतिशत से कम अंक आते हैं, तो छात्र को फेल माना जाता है और उसे दोबारा परीक्षा देनी पड़ती है।
पिछले साल 10,94,186 विद्यार्थी थे पंजीकृत
वर्ष 2025 की कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा के लिए कुल 10,94,186 छात्रों ने पंजीकरण कराया था। इस परीक्षा का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 93.6 % रहा, जो छात्रों के अच्छे प्रदर्शन को दिखाता है।
यह भी पढ़ें : स्कूलों को अंतिम अवसर, 10 मार्च तक करें 5वीं और 8वीं कक्षा के लिए शाला दर्पण पर सत्रांक प्रविष्टि
टॉपर्स लिस्ट का होगा एलान?
10वीं रिजल्ट 2026 में यह अभी साफ नहीं है कि टॉपर्स के नाम घोषित किए जाएंगे या नहीं। पिछले साल बोर्ड ने टॉपर्स की लिस्ट जारी नहीं की थी और सिर्फ पास प्रतिशत व रिजल्ट बताया था। दरअसल, पिछले करीब 10 वर्षों से यही परंपरा चल रही है, जिसमें बोर्ड टॉपर्स को सार्वजनिक नहीं करता। इस साल भी संभावना है कि बोर्ड वही तरीका अपनाए और सिर्फ कुल पास प्रतिशत और छात्रों का रिजल्ट जारी करे।
28 फरवरी तक चलीं परीक्षाएं
इस साल राजस्थान बोर्ड 10वीं की परीक्षाएं 12 फरवरी से 28 फरवरी 2026 के बीच आयोजित की गई थीं। परीक्षा समाप्त होने के बाद से ही छात्र और उनके अभिभावक रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस बार बोर्ड ने परीक्षाओं को कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच संपन्न कराया, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नकल की संभावना न रहे और परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष बनी।
यह भी देखें : UGC नियमों पर फिर घमासान! करणी सेना का बड़ा ऐलान | 19 मार्च सुनवाई से पहले धरने की चेतावनी



