Parliament Budget Session 2026: संसद के बजट सत्र के दूसरे फेज के पहले दिन आज सोमवार को लोकसभा-राज्यसभा में अमेरिकी-इजराइल और ईरान जंग पर जमकर हंगामा देखने को मिला. विपक्ष की तरफ से पश्चिमी एशिया में बने हालात पर चर्चा की मांग की गई. विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने पहले राज्यसभा और फिर लोकसभा में गल्फ देशों से भारतीयों की वापसी और एनर्जी संकट की तैयारियों के बारे में जानकारी दी. वहीं लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को हटाने की मांग वाले विपक्ष के प्रस्ताव पर चर्चा को लेकर भी जमकर हंगामा हुआ. जिसको लेकर भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा कि आज पूरा देश टेलीविजन और सोशल मीडिया के माध्यम से देख रहा है कि आखिरकार सदन में क्या हो रहा है. किस प्रकार विपक्ष खासकर कांग्रेस पार्टी सदन के मर्यादा की धज्जियां उड़ा रही है. लेकिन आज आप देख रहे हैं कि एक दूसरे प्रस्ताव के साथ कांग्रेस पार्टी और विपक्ष आ गई है. एक परिवार का कांग्रेस में माफिया राज चल रहा है जिसमें वे सदन को भी घेरने की कोशिश कर रहे हैं.
“ये लोकतंत्र नहीं है”
केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन(ललन) सिंह ने कहा कि यही विपक्ष का हालत है खुद अविश्वास प्रस्ताव लाते हैं और खुद ही बहस में हिस्सा नहीं लेते हैं. उनकी रूचि किसी भी विषय पर बहस करने की नहीं होती है. उनकी रूचि सदन को कैसे बाधित की जाए ये रहता है. इसी से वो लोकतंत्र चलाना चाहते हैं. ये लोकतंत्र नहीं है सदन लोकतंत्र पर बहस करने की जगह है मद्दों पर बहस करने की जगह है पूरा देश देखता है.
यह भी पढ़ें: शराब घोटाला केस में केजरीवाल की फिर बढ़ सकती हैं मुश्किलें, CBI की याचिका पर हाईकोर्ट ने जारी किया नोटिस
“राहुल गांधी के पीछे चलना बंद करिए”
भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि आपने स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया जो बहुत कम आता है स्पीकर ने इस प्रस्ताव को भी स्वीकार कर लिया. आज हम बहस के लिए तैयार हैं कांग्रेस का जवाब देने के लिए तैयार हैं और वो भाग रहे हैं. दो दिन का समय सिर्फ अविश्वास प्रस्ताव पर तय है राहुल गांधी की अगुवाई में न संसद की गरिमा की चिंता है, न स्पीकर की पद का सम्मान है और ये बात करते हैं संविधान की, विपक्ष से कहूंगा कि राहुल गांधी के पीछे चलना बंद करिए और अपनी जगह बनाए.
“सदन में ऐसे बर्ताव की कभी उम्मीद नहीं थी”
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि सदन में ऐसे बर्ताव की कभी उम्मीद नहीं थी. सदन को चलने नहीं देना जनता के अधिकार छीनने जैसा है. आप ‘अबोध बालक’ हैं, और आप ऐसे ही रह सकते हैं. सदन में प्लेकार्ड दिखाने का मतलब है कि आपको जवाब नहीं चाहिए, बल्कि सिर्फ़ हंगामा करना है.



