Rajya Sabha Election 2026: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित एनडीए के पांच उम्मीदवारों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया है. जिसके बाद शाह ने एक न्यूज एजेंसी से बातचीत के दौरान कहा कि आज मैं पटना में नितिन नवीन-राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा, नीतीश कुमार-बिहार के मुख्यमंत्री , रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और शिवेश कुमार के राज्यसभा नामांकन के लिए यहां पर आया हूं. नितिन नवीन राज्य में लंबे समय तक यशश्वी राजनीति करने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं और अब वो राज्यसभा के माध्यम से संसद में भी अपना योगदान देंगे. हम सब NDA के सदस्य, भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ता नितिन नवीन का राष्ट्रीय राजनीति में और संसद में स्वागत करते हैं.
“बिहार को जंगलराज से मुक्त करने का काम किया”
गृह मंत्री अमित शाह ने आगे कहा कि आज बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी राज्यसभा में अपना नामांकन दाखिल किया है. इसके साथ ही बहुत ही लंबे अरसे के बाद नीतीश कुमार फिर से एक बार राष्ट्रीय राजनीति में राज्यसभा सांसद के नाते प्रवेश करेंगे. 2005 से लेकर आज तक नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री रहे. उनका ये कार्यकाल बिहार के इतिहास में स्वर्णिम पृष्ठ के रूप में लिखा जाएगा और बिहार के विकास के सारे मायने को उन्होंने गति देने का काम किया.उन्होंने अपने शासन काल में बिहार को जंगलराज से मुक्त करने का काम किया.
यह भी पढ़ें: नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए भरा पर्चा, अमित शाह भी मौजूद
“केंद्रीय मंत्री रहते हुए उनके कुर्ते पर कभी दाग नहीं लगा”
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्होंने (नीतीश कुमार) न केवल बिहार की सड़कों को गांव तक जोड़ा, उसकी स्थिति में भी सुधार किया. इतने लंबे कार्यकाल में विधायक, सांसद, मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री रहते हुए उनके कुर्ते पर कभी दाग नहीं लगा. भ्रष्टाचार का आरोप लगे बिना इतना लंबा राजनीतिक सफर शायद ही किसी ने तय किया हो जो नीतीश कुमार ने तय किया है. बिहार के हर गांव, हर घर में बिजली पहुंचाने में भी उनका बहुत बड़ा योगदान रहा. हमेशा नीतीश कुमार सादगी, सूचिता और सार्वजनिक जीवन के उच्चतम मूल्यों के पक्षधर रहे जिनका पालन उन्होंने भी किया. नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 11 साल तक बिहार को हर प्रकार से आगे ले जाने में अपना योगदान किया. उनके नेतृत्व में ही पीएम मोदी द्वारा भेजी गई सभी योजनाएं बिहार के जन-जन तक पहुंची.
“बिहार के लोग याद भी करेंगे और उसका सम्मान भी करेंगे”
उन्होंने कहा कि 1974 के जयप्रकाश आंदोलन के वे(नीतीश कुमार) प्रमुख नेता रहे हैं और तब से लेकर आज तक पूरा जीवन जे.पी. के सिद्धांतों पर बिताने का प्रयास किया. फिर से एक बार राज्यसभा सांसद होने के नाते वे दिल्ली आ रहे हैं. मैं और NDA के सभी साथी उनका हृदय से स्वागत करते हैं. उनका जो कार्यकाल मुख्यमंत्री होने के नाते हैं, उसे बिहार के लोग याद भी करेंगे और उसका सम्मान भी करेंगे. मैं फिर से नितिन नवीन और नीतीश कुमार का राज्यसभा में आने पर स्वागत करता हूं.



