India-Finland Trade Agreement: नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में आज (5 मार्च) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब की मौजूदगी में भारत और फिनलैंड के बीच समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान हुआ. जिसके बाद पीएम मोदी ने रायसीना डायलॉग 2026 को संबोधित करते हुए कहा कि 13वें फिनलैंड के राष्ट्रपति के रूप में अपनी पहली भारत यात्रा पर मैं राष्ट्रपति स्टब का हार्दिक स्वागत करता हूं. आप जैसे अनुभवी और डायनामिक नेता का इस वर्ष के रायसीना डायलॉग का चीफ गेस्ट बनना हमारे लिए बहुत सम्मान और खुशी की बात है. आज विश्व एक अस्थिरता और अनिश्चितता के दौर से गुजर रहा है. यूक्रेन से लेकर वेस्ट एशिया तक दुनिया के कई हिस्सों में संघर्ष की स्थिति बनी हुई है. ऐसे वैश्विक वातावरण में भारत और यूरोप, दुनिया की दो बड़ी डिप्लोमेटिक पावर्स अपने संबंधों के सुनहरे दौर में प्रवेश कर रहे हैं. हमारा बढ़ता सहयोग, वैश्विक स्थिरता, विकास और साझा समृद्धि को नई मजबूती दे रहा है.
“टेलीकॉम नेटवर्क ने करोड़ों भारतीयों को जोड़ा है”
प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 की शुरूआत में ऐतिहासिक भारत-यूरोपीय संघ (EU) मुक्त व्यापार समझौता हुआ. ये एग्रीमेंट भारत और फिनलैंड के बीच व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग को और प्रबल करेगा. डिजिटल प्रौद्योगिकी, बुनियादी ढांचा और स्थिरता जैसे क्षेत्रों में भारत और फिनलैंड महत्वपूर्ण साझेदार हैं. नोकिया के मोबाइल फोन और टेलीकॉम नेटवर्क ने करोड़ों भारतीयों को जोड़ा है. फिनलैंड के आर्किटेक्ट के सहयोग से हमने चिनाब नदी पर विश्व का सबसे ऊंचा रेलवे ब्रिज बनाया है.
यह भी पढ़ें: ईरान-इजराइल के बीच जंग जारी, लेबनान में फ़िलिस्तीनी रिफ्यूजी कैंप पर बरसे बम, कच्चे तेल की कीमतों में उछाल
“एक स्वस्थ ग्रह हमारी साझी प्राथमिकता है”
पीएम मोदी ने कहा कि फिनलैंड नॉर्डिक क्षेत्र में भारत का एक महत्वपूर्ण पार्टनर है. फिनलैंड के साथ मिलकर हम आर्कटिक और पोलर रिसर्च में भी सहयोग बढ़ा रहे हैं. एक स्वस्थ ग्रह हमारी साझी प्राथमिकता है. भारत और फ़िनलैंड दोनों क़ानून के शासन, संवाद और कूटनीति में विश्वास रखते हैं. हम इस बात पर एकमत हैं कि केवल सैन्य संघर्ष से किसी भी मुद्दे का समाधान नहीं निकल सकता। हम इस बात पर एकमत हैं कि केवल सैन्य संघर्ष से किसी भी मुद्दे का समाधान संभव नहीं है, यूक्रेन हो या पश्चिम एशिया, हम संघर्ष की शीघ्र समाप्ति और शांति के हर प्रयास का समर्थन करते रहेंगे. हम इस बात पर भी सहमत हैं कि बढ़ती ग्लोबल चुनौतियों से निपटने के लिए ग्लोबल इंस्टीट्यूशन में सुधार न सिर्फ ज़रूरी है बल्कि अर्जेंट भी है और आतंकवाद के हर रूप को जड़ से समाप्त करना हमारी साझा प्रतिबद्धता है.
“हम ग्लोबल ऑर्डर में बदलाव के दौर से गुज़र रहे हैं”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक संयुक्त प्रेस स्टेटमेंट में फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब ने कहा कि दुनिया बदल रही है, हम ग्लोबल ऑर्डर में बदलाव के दौर से गुज़र रहे हैं और भारत, ग्लोबल साउथ में अपने दोस्तों के साथ मिलकर यह तय करेगा कि यह ऑर्डर किस दिशा में जाएगा. आज हमने इस इलाके में सुरक्षा के मुद्दों पर चर्चा की. हमारे बीच दोनों इलाकों में, वेस्ट एशिया में और यूक्रेन में भी टकराव है. हमारे लिए, यूक्रेन के खिलाफ रूस का आक्रामक युद्ध बहुत लंबे समय से, चार साल से चल रहा है. हम इस बात पर सहमत हुए कि युद्ध खत्म करना सभी के हित में है। एक स्थायी शांति तभी हो सकती है जब यूनाइटेड नेशंस के सिद्धांतों का सम्मान किया जाए.



