AI Summit Row: इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान हुए हंगामे और विरोध प्रदर्शन के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार किया है. उन्हें एक दिन पहले पूछताछ के लिए तिलक मार्ग थाने में बुलाया गया था. पूछताछ के बाद उनकी भूमिका और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी की बात कही जा रही है. अबतक कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. गिरफ्तारी के बाद उदय भानु चिब को पटियाला हाउस कोर्ट में ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट की कोर्ट में लाया गया. दिल्ली पुलिस ने उदय भानु चिब की 7 दिन की कस्टडी मांगी. दिल्ली पुलिस ने कहा कि चिब, जो IYC के प्रेसिडेंट हैं, उन्होंने साज़िश रची और प्रोटेस्ट करने वालों को लॉजिस्टिक्स दिए. दिल्ली पुलिस ने कहा कि केस की जांच के लिए 7 दिन की कस्टडी की ज़रूरत है. कोर्ट ने दलीलों को सुनने के बाद उदय भानु चिब को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया.
“तानाशाह को परेशानी होती है”
वहीं उदय भानु चिब की गिरफ्तारी पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने बीजेपी की केंद्र सरकार को घेरा है. उन्होंने कहा कि बहुत शर्म की बात है कि शांतिपूर्ण आंदोलन करने में भी आपको दिक्कत होती है. तानाशाह को परेशानी होती है. तानाशाह को किसी ने आइना दिखाया तो वो उसको जेल में डाल देगा. पवन खेड़ा ने आगे कहा कि हम ये जानना चाहते हैं कि क्या पुलवामा के सारे आंतकी गिरफ्तार हो गए, क्या पहलगाम हमले के सारे आतंकी गिरफ्तार हो गए. क्या लाल किले बम ब्लास्ट के सारे आतंकी गिरफ्तार हो गए. एक टी शर्ट उतारने से आप डर जाते हो लेकिन देश में आतंकी हमले हो जाते हैं और आप गिरफ्तारी नहीं कर पाते हो. ये इस सरकार की सच्चाई है.
यह भी पढ़ें: झारखंड से दिल्ली जा रहा एयर एंबुलेंस क्रैश, पायलट समेत 7 लोगों की दर्दनाक मौत
“प्रधानमंत्री पर लोगों का बहुत रोष है”
भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी पर कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे की भी प्रतिक्रिया आई है. मैं इस गिरफ्तारी को खारिज करता हूं. आज युवा नौकरी के लिए परेशान हो रहे हैं। देश का माहौल इतना खराब है जिस कारण प्रधानमंत्री पर लोगों का बहुत रोष है. ये लोग कांग्रेस को निशाना बना रहे हैं और कांग्रेस को डराने की कोशिश कर रहे हैं. कांग्रेस डरने वाली नहीं है. हम लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए सभी त्याग करेंगे. उन्होंने आगे कहा, “इन लोगों(भाजपा) ने कॉमनवेल्थ के समय में जिन स्थानों पर इवेंट चल रहे थे, वहां गड़बड़ करने की कोशिश की थी. क्या उस समय इन्हें देश की छवि का खयाल नहीं था? यूथ कांग्रेस के लोगों(प्रदर्शनकारियों) को छोड़ देना चाहिए.
“यह इतना शेमलेस कृत्य था”
भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने दिल्ली पुलिस द्वारा भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को भारत AI प्रभाव शिखर सम्मेलन में युवा कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर गिरफ्तार किए जाने पर कहा कि यह नेशनल शेम है. इनके शर्टलेस प्रदर्शन के लिए तो कांग्रेस के अलायंस पार्टनर भी नहीं बोल पा रहे हैं. यह इतना शेमलेस कृत्य था. AI समिट में जो किया गया था यह 4-5 लोगों का काम नहीं था बल्कि इसमें राहुल गांधी समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी शामिल थे.



