Rahul Gandhi: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज 20 फरवरी को सुल्तानपुर के MP-MLA कोर्ट में पेश हुए. वे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) के बारे में कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के लिए उनके खिलाफ दायर 2018 के मानहानि मामले के सिलसिले में अदालत में पेश हुए थे. राहुल गांधी ने करीब 27 मिनट तक जज के समक्ष अपनी सफाई पेश की. उन्होंने कहा कि सस्ती लोकप्रियता के लिए मुझ पर साजिशन केस किया गया है. इस संबंध में शीघ्र ही प्रमाण कोर्ट के समक्ष पेश करूंगा. मामले पर अगली सुनवाई 9 मार्च को होगी. राहुल गांधी की कोर्ट में पेशी के दौरान कड़ी सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे. कोर्ट परिसर के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात की गई थी. बता दें कि इससे पहले राहुल गांधी कोर्ट में उपस्थित नहीं हुए थे. उनके वकील काशी प्रसाद शुक्ल ने उन्हें केरल में होने का प्रार्थना पत्र देकर समय मांगा था.
अमित शाह पर की थी अपमानजनक टिप्पणी
बता दें कि कर्नाटक में एक प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर अपमानजनक टिप्पणी की थी. इसे लेकर जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष व बीजेपी नेता विजय मिश्र ने राहुल गांधी के विरुद्ध दीवानी में मानहानि का परिवाद दायर किया था. जिसको लेकर सुल्तानपुर के MP-MLA कोर्ट में चल रही है. इस मामले में राहुल गांधी 26 जुलाई 2024 को भी कोर्ट में पेश हुए थे. उसके बाद वे कोर्ट की सुनवाई में अनुपस्थित होते रहे. 19 जनवरी को जब वे कोर्ट में पेश नहीं हुए तो उन्हें 20 फरवरी को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया गया था.
यह भी पढ़ें: भारत और अमेरिका के बीच पैक्स सिलिका घोषणा पर हस्ताक्षर,अश्विनी वैष्णव बोले- PM मोदी ने दुनिया भर…
“हमें न्यायपालिका पर भरोसा है, हमें न्याय मिलेगा”
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की पेशी को लेकर कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि भाजपा लगातार पूरे देश में उनके(राहुल गांधी) खिलाफ झूठे और फर्जी मुकदमे दायर कर रही है. इसी तरह सुल्तानपुर में एक मुकदमा हुआ है. हमें न्यायपालिका पर भरोसा है, हमें न्याय मिलेगा.



